डीएम ने अदलपुर रेलवे बांध का किया निरीक्षण,दिये कई निर्देश

दरभंगा।जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम द्वारा आज कुशेश्वरस्थान पूर्वी के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया गया।
कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखण्ड के अदलपुर के पास रेलवे बांध, जो चारों तरफ से पानी से घिरा हुआ है, का निरीक्षण उन्होंने उप विकास आयुक्त तनय सुल्तानिया, सिविल सर्जन दरभंगा अनुमंडल पदाधिकारी बिरौल एवं संबंधित पदाधिकारियों के साथ मोटरबोट से जाकर किया।
वहाँ चल रहे सामुदायिक किचेन का निरीक्षण किया गया तथा भोजन कर रहे व्यक्तियों से फीडबैक लिया गया। उन्होंने वहाँ के रसोइयों को कई निर्देश दिए।
बांध पर मवेशियों को देखा तथा पशुचारा वितरण का जायजा लिया। बताया गया कि यहां पशु चारा का वितरण करवाया गया है। स्थानीय लोगों की मांग पर उन्होंने जिला पशुपालन पदाधिकारी को एक सौ क्विंटल पशु चारा अगले एक सप्ताह के लिए उपलब्ध करा देने का निर्देश दिया।
भ्रमण के क्रम में पूछने पर बताया गया कि यहाँ सभी लोगों को जी.आर की राशि प्राप्त हो गई है। जिलाधिकारी ने कहा कि यदि कोई छूट गया है, तो पुनः कैंप लगाकर सर्वे करवा लिया जाए तथा उसका नाम जोड़कर उसे जी.आर (सहाय्य अनुदान) की राशि 6000 रुपये तुरंत उपलब्ध करा दिया जाए।
उन्होंने अदलपुर रेलवे बांध पर बसे व्यक्तियों के लिए बिजली की पर्याप्त व्यवस्था करने को कहा तथा वहाँ विभिन्न स्थलों पर घूमते पाए गए मवेशियों के लिए पशु शेड का निर्माण करवाने का निर्देश दिया ताकि पशु स्थल पर सुरक्षित रह सकें। वहाँ के लोगों के लिए नाश्ता व भोजन की उचित व्यवस्था करने के निर्देश शिक्षा विभाग के संबंधित पदाधिकारियों को दिए।
कोरोना के संक्रमण से बचाव के लिए टीकाकरण के संबंध में बताया गया कि यहां लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। कुछ लोग छूट गए हैं। जिलाधिकारी ने डी.पी.एम (हेल्थ) को सर्वे करवाकर छूटे हुए व्यक्तियों का शीघ्र टीकाकरण कराने का निर्देश दिया।
तदोपरांत वे कुशेश्वरस्थान पश्चिमी प्रखण्ड कार्यालय में स्थानीय लोगों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों से वार्ता कर स्थानीय समस्याओं से अवगत हुए।
अंचलाधिकारी, कुशेश्वरस्थान पूर्वी तथा अंचलाधिकारी, कुशेश्वरस्थान पश्चिमी के साथ दोनों प्रखंड विकास पदाधिकारी, दोनों प्रखंड के प्रभारी वरीय पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी बिरौल एवं संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक की।
कुशेश्वरस्थान पश्चिमी के प्रखंड कार्यालय के जर्जर भवन को देखकर उन्होंने प्रखंड कार्यालय के लिए प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण किया भूमि की गहराई अधिक पाए जाने पर उन्होंने प्रखंड कार्यालय परिसर की भूमि का प्रस्ताव के साथ नए प्रखण्ड कार्यालय भवन बनवाने का प्रस्ताव अनुमंडल पदाधिकारी बिरौल को शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *