संघर्ष को मिला इनाम, जेडीयू युवा नेता राज कुमार दास बने जिला महासचिव
संजय मिश्र
दरभंगा
सियासत में संघर्षरत रहना ध्यान जरूर खींचता है। भविष्य की पीढ़ी तैयार रखने खातिर बड़े नेता अपने वर्कर्स पर नजर गड़ाए रखते .. पार्टी के लिए उनकी गतिविधियों पर गौर करते। ऐसे ही एक नवोदित नेता राज कुमार दास को जेडीयू ने जिला महासचिव का ओहदा दिया है। बहादुरपुर प्रखंड के पुरखोपट्टी निवासी राज कुमार दास की राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियां प्रखंड क्षेत्र तक सीमित नहीं हैं। जिला स्तर पर उनकी सक्रियता से पार्टी नेता वाकिफ और प्रफुल्ल हैं। यही कारण है कि जेडीयू के जिला अध्यक्ष ईश्वर मंडल ने उन्हें जिला महासचिव की जिम्मेदारी दी है।
जिला अध्यक्ष ने पत्र जारी कर राज कुमार दास को कहा है कि वे युवा वर्ग में जेडीयू के लिए अपनत्व जगाने की मुहिम को प्राथमिकता दें। ईश्वर मंडल ने उनसे कहा है कि अनुभव और कार्यकुशलता से पार्टी हित खातिर हर संभव प्रयास करें। सामाजिक सरोकार के अपने दायित्व को धार दें। राज कुमार दास ने कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है उसके अनुरूप खड़ा उतरने की पूरी कोशिश करेंगे। यह दायित्व इसलिए महत्वपूर्ण है कि सामने बिहार विधान सभा चुनाव 2025 की चुनौती खड़ी है।
नव मनोनित महासचिव ने यह भी कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने गरीब गुरबों के लिए पूर्व से दत्त चित रहने की खूबियों के चलते उन पर भरोसा किया है। राज कुमार ने बताया कि नीतीश सरकार विभिन्न लोक हितकारी योजनाएं चला रही है। इन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लक्ष्य समूह तक पहुंचाते रहे हैं और आगे भी इसका प्रकाश मद्धिम नहीं होने देंगे।
आपको बता दें कि राज कुमार दास जिला बीस सूत्री कार्यान्वयन समिति के कार्यालय प्रभारी हैं। इस नाते जिला समिति सदस्यों की ओर से बीस सूत्र के लिए सरकार के हो रहे काम को धरातल पर लाने के प्रयासों से रुबरु होते रहते हैं। इन कोशिशों में आवश्यक जन सहभागिता में जरूरत पड़ने पर सहयोग करने से पीछे नहीं हटते।

