दरभंगा। जिलाधिकारी दरभंगा डॉ0 त्यागराजन एस एम की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में खराजपुर गांव में जलजमाव की समस्या को लेकर आपदा प्रबंधन पदाधिकारी एवं संबंधित विभाग के अभियंताओं के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में खराजपुर इलाके के जलजमाव की समस्या दूर करने को लेकर कार्यपालक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल, दरभंगा सुहैल अहमद ने सुझाव दिया कि यदि खराजपुर और हाउसिंग बोर्ड के बीच की सड़क में कहीं कहीं छोटी छोटी पुलिया का निर्माण करवा दिया जाए तो खराजपुर इलाके के जलजमाव की समस्या समाप्त हो जाएगी। हाउसिंग बोर्ड इलाके में जलजमाव की समस्या नहीं है, क्योंकि खराजपुर का इलाका एकमी सिरनिया बांध और सड़क से घिरे रहने के कारण लैंड लॉक हो गया है,जिससे जल की निकासी नहीं हो रही है और सड़क की ऊंचाई तक जल जमाव हो जा रहा है। उल्लेखनीय है कि सड़क की ऊँचाई लगभग ढाई फीट है। इसलिए जल निकासी का मार्ग सड़क में बन जाने से जल जमाव की समस्या समाप्त हो जाएगी।
जिलाधिकारी ने ग्रामीण कार्य विभाग के अभियंता, प्रखंड विकास पदाधिकारी, बहादुरपुर एवं कार्यपालक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल,दरभंगा को नगर आयुक्त,दरभंगा नगर निगम के साथ बैठक कर यह तय करने को कहा है कि पुलिया निर्माण कार्य हेतु दरभंगा नगर निगम, ग्रामीण कार्य विभाग एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी अपने अपने क्षेत्र का निर्धारण कर लें। हाउसिंग बोर्ड और खराजपुर के बीच की सड़क में सुविधाजनक स्थलों पर पुलिया के निर्माण करवाया जाए। गौरतलब है कि खराजपुर जलजमाव का क्षेत्र नगर निगम में भी पड़ता है।
जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को शीघ्र ही जलजमाव की समस्या का निराकरण करने का निर्देश दिया।