शत प्रतिशत टीकाकरण लक्ष्य की प्राप्ति की ओर दरभंगा अग्रसर
दरभंगा | स्वास्थ्य विभाग, बिहार सरकार द्वारा कोविड वैक्सीनेशन के लिए एक विशेष महाअभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत वार्ड स्तर पर कैंप लगाकर टीकाकरण को लेकर जागरूक किया जा रहा है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक 18 वर्ष से ऊपर सभी लोगों को निःशुल्क कोविड वैक्सीनेशन दिया जाना है। इसी क्रम में आगोश युवा सामाजिक कार्यकर्ता एवं वेलफेयर ट्रस्ट के संस्थापक फवाद गजाली ने भी अपने वार्ड 31 के बीबी पाकर स्कूल केंद्र पर जाकर कोविशील्ड वैक्सीन लगवायी । इस मौके पर फवाद गजाली ने बताया कि यह देखकर काफी खुशी हुई कि वैक्सीन लगवाने वालों में बड़ी संख्या महिलाओं की दिखी जो यह बहुत बड़ा संदेश उन सभी लोगों के लिए है, जो समाज में वैक्सीन को लेकर दूसरों को भ्रमित कर रहे हैं। बताया यदि भारत से कोरोना को हराना है तो हमें बढ़ चढ़कर हिस्सा लेते हुए वैक्सीन लगवानी चाहिए। इसके बाद भी कोविड के सभी नियम और शर्तों को मानना चाहिए तभी हम स्वयं भी स्वस्थ और सुरक्षित रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान में यदि हम भारत की बात करें तो कोविशील्ड तथा कोवैक्सीन को भारत सरकार ने सबसे सही वैक्सीन माना है और जल्द ही फाइजर-मॉडर्ना वैक्सीन भी भारत में आने वाली है। जो कोरोना के खिलाफ लड़ाई में वह वैक्सीन 90 से ज्यादा फीसदी तक कोविड-19 के खिलाफ कारगर साबित हुई है।
दरभंगा जिला में अब तक 08 लाख से अधिक लोगों को लगा कोरोना का टीका
जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम की निगरानी एवं अनुश्रवण में चलाए जा रहे टीकाकरण महाअभियान दरभंगा में 06 माह में लगेगा 26 लाख वयस्कों को टीका के तहत जिले के सभी प्रखण्डों एवं शहरी स्थाई टीकाकरण केन्द्र ने सारे रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री बिहार द्वारा 01 जुलाई से टीकाकरण महाअभियान 06 माह में 06 करोड़ वयस्कों को लगेगा टीका विशेष अभियान चलाया गया है और प्रत्येक जिला के लिए एक लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
दरभंगा जिले के लिए लगभग 26 लाख टीकाकरण का लक्ष्य दिया गया था। अब तक दरभंगा जिला के कुल – 96 सेशन साइट्स में कुल 8 लाख से अधिक लोगों को टीका लगाया गया है। जिसमें 6,76,412 लोगों को प्रथम डोज एवं 1,23,970 लोगों को द्वितीय डोज का टीका दिया गया है।
रोजाना दो हज़ार से अधिक लोगों को दिया जा रहा टीका
जिला में प्रतिदिन लगभग 02 हजार से अधिक लोगों को लोगों का टीकाकरण किया जा रहा है। टीकाकरण के दौरान जिले के वरीय पदाधिकारियों द्वारा भी लगातार टीकाकरण केन्द्रों पर भ्रमण कर टीकाकरण कार्य का जायजा लिया जाता रहा तथा लोगों को टीका लगवाने को प्रोत्साहित किया जाता रहा। अगर टीका लगवाने के लिए लोगों में इसी तरह उत्साह बरकरार रहा तो शीघ्र ही दरभंगा जिला टीकाकरण का शत- प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने वाला पहला जिला बन जाएगा।
कोरोना प्रोटोकॉल का अनुपालन ज़रूरी
किसी भी परिस्थिति में कोरोना प्रोटोकॉल का अनुपालन जरूरी है। इसके तहत मास्क पहनना एवं निरंतर हाथ को साफ रखना आवश्यक है। इसके अलावा एक दूसरे के बीच दूरी बनाते हुए कार्य करने से संक्रमण की संभावना कम होती है। वायरस की चपेट में आने से बचने के लिए लोगों को अनावश्यक रूप से बाहर नहीं जाना चाहिए। खासकर बुजुर्ग, बीमार, गर्भवती महिलाओं, एवं बच्चों पर खास ध्यान रखना जरूरी। इस दौरान चिकित्सीय सहायता एवं कोरोना जांच के लिए निकट के सरकारी अस्पताल में संपर्क कर सकते हैं।