22 से 24 दिसम्बर तक दरभंगा जिला में चलेगा टीकाकरण अभियान
दरभंगा । समाहरणालय अवस्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में उप विकास आयुक्त तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में कोविड-19 टीकाकरण की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि कोविड-19 के प्रथम डोज का टीका लेने वाले लगभग 04 लाख लोगों का द्वितीय डोज का टीका लेना बाकी है।
उन्होंने कहा कि देय 4 लाख द्वितीय डोज के टीका के लिए 22, 23 एवं 24 दिसम्बर को दरभंगा जिले में टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। टीका एक्सप्रेस दल द्वारा घर-घर जाकर ड्यू लिस्ट के अनुसार लोगों का टीकाकरण किया जाएगा एवं ड्यू लिस्ट को कवर किया जाएगा।
उन्होंने जिला टीकाकरण पदाधिकारी डॉ. अमरेंद्र कुमार मिश्र, सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार सहित सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को इसके लिए कार्य योजना बना लेने का निर्देश दिया।
इसके साथ ही उप विकास आयुक्त द्वारा सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी को इसकी निगरानी एवं अनुश्रवण करने का निर्देश दिया गया तथा आशा, आंगनवाड़ी सेविका/ सहायिका, विकास मित्र एवं वार रूम(कॉल सेंटर)के माध्यम से लाभार्थियों को टीका लेने हेतु प्रोत्साहित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. अमरेंद्र कुमार मिश्र, डीपीएम (हेल्थ) विशाल कुमार एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।