प्रदेश में नगर पालिका और नगर पंचायत चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही जिले का प्रशासन अलर्ट हो गया।
प्रदेश में नगर पालिका और नगर पंचायत चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही सुल्तानपुर का प्रशासन अलर्ट हो गया। नगर पालिका और नगर पंचायत क्षेत्र में लगे बैनर और होर्डिंग्स हटाये जा रहे हैं। बिना परमीशन कोई भी राजनीतिक बैनर-होर्डिंग न लगाए जाने की हिदायत भी प्रशासन की ओर से दी गई है।
एसडीएम ने उतरवाए शहर भर में बैनर-पोस्टर
रविवार देर शाम चुनाव आयोग ने नपा व नपं चुनाव की घोषणा कर दी है। सूबे में दो चरणों मे चुनाव होना है। जिसमें सुल्तानपुर में 11 मई को मतदान होगा। लिहाजा चुनाव की घोषणा होते ही डीएम जसजीत कौर के निर्देश पर एसडीएम सदर, सीओ सिटी, ईओ नगर पालिका की अगुवाई में टीम नगर पालिका क्षेत्र में निकल पड़ी। सड़क किनारे लगी राजनीतिक पार्टियों की होर्डिंग व बैनर उतारे जाने लगे। इसके साथ एसडीएम सीपी पाठक ने हिदायत दी है कि बिना अनुमति के कोई भी राजनीतिक दल बैनर पोस्टर न लगाए। व्यापारियों से स्थापित किया संवाद
वहीं नगर निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही डीएम जसजीत कौर व एसपी सोमेन वर्मा भी शहर की सड़कों पर उतरे। दोनों ही अधिकारियों ने कोतवाली नगर के सीताकुंड चौकी क्षेत्र, दीवानी तिराहा गोलाघाट होते हुए कस्बा बाजार में पैदल गश्त किया। डीएम ने कहा कि ये फ्लैग मार्च चुनाव व रमज़ान के मद्देनजर किया जा रहा है। दुकानों पर पहुंचकर दुकानदारों एवं आमजन से शांति, सुरक्षा व्यवस्था के सम्बन्ध में संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया। सौहार्द बनाए रखने की अपील
प्रमुख मार्गों, चौराहों, बाजारों व भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु व वाहनों की गहनता से चेकिंग की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले एवं दोपहिया वाहनों पर बिना हेलमेट व तीन सवारी चलने वाले व्यक्तियों का चालान भी किया गया। आमजन मानस से सौहार्द बनाये रखने की अपील की गयी।