समस्तीपुर में सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से जा भिड़ी तेज रफ्तार कार, चालक की मौत, तीन सवार घायल।

बिहार के समस्तीपुर में सड़क किनारे खड़े एक ट्रैक्टर से एक तेज रफ्तार कार जा टकराई। इस हादसे में कार सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य सवार घायल हो गए। यह घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अखनूर मोड़ के पास हुई। मृतक की पहचान कल्याणपुर थाना क्षेत्र के रतवारा गांव निवासी विकास कुमार के रूप में की गई है। घटना की सूचना पर मुफस्सिल पुलिस ने शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा दिया। इस घटना के बाद मृतक के परिजन शोक में डूब गए।

जानकारी के मुताबिक, विकास अपने ननिहाल कल्याणपुर थाना क्षेत्र के ही मूसापुर गांव में लंबे समय से रहता था। रात करीब दो बजे वह अपने तीन मित्रों के साथ एक कार से समस्तीपुर पूसा पथ स्थित अपने एक संबंधी के घर पर जा रहा था। इसी दौरान चकनूर गांव के पास उसकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से जा टकराई। इस घटना में कार चला रहा विकास गंभीर रूप से घायल हो गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं, कार में बैठे अन्य लोग भी इस घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए।इसके बाद हल्ला होने पर जुटे आसपास के लोगों ने सभी घायलों को धर्मपुर स्थित एक निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने विकास को मृत घोषित कर दिया। उसके बाद मामले की जानकारी विकास के परिजनों को दी गई।

मुफस्सिल थाना अध्यक्ष प्रवीण कुमार मिश्रा ने बताया कि हादसा देर रात हुआ है। मामले की जानकारी के बाद शव को जब्त कर पोस्टमार्टम कराया गया है। जहां पर हादसा हुआ है वहां सड़क पर काफी तीखा मोड़ है। माना जा रहा है कि वाहन की स्पीड काफी तेज रहने के कारण वाहन चला रहे युवक का संतुलन खो गया और गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से टकरा गई। उन्होंने कहा कि घटना के बाद इस मामले में दोनों वाहन जब्त कर लिए गए हैं। घटना को लेकर यूडी केस दर्ज किया जा रहा है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top