शराबबंदी की धज्जी उड़ाने वाले जदयू नेता को पुलिस ने किया गिरफ्तार।

न्यूज डेस्क: बिहार के गोपालगंज में जदयू के पूर्व जिला अध्यक्ष और वर्तमान में जदयू के प्रदेश सचिव गिरफ्तार कर लिए गए। जदयू नेता संजय चौहान को शराब के नशे में धुत पाया गया था। इसी के बाद उन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। ये कार्यवाही मीरगंज पुलिस ने एकडंगा तिमुहानी के पास से की। आरोप है कि जदयू नेता यूपी और बिहार की सीमा से सटे एकडंगा त्रिमुहानी के पास शराब पीकर घूम रहे थे। इन्हें उत्पाद विभाग की एएलटीएफ टीम ने शराब के नशे में धुत पकड़ा। उस वक्त इन्होंने पहले पार्टी का धौंस दिखाई और खुद को जदयू का बड़ा नेता साबित करने की कोशिश की। लेकिन जब एएलटीएफ की टीम ने इन्हें मीरगंज थाना को सौंप दिया, तब इन्हें गिरफ्तार कर मीरगंज थाना में लाया गया। यहां पर पुलिस ने इनकी मेडिकल जांच कराई। फिर नेता जी को हाथ में हथकड़ी के साथ गोपालगंज कोर्ट में पेश किया गया।

हालांकि जदयू नेता की गिरफ्तारी की भनक जैसे ही मीडिया कर्मियों को लगी। मीडिया कर्मी इनकी तस्वीर लेने की कोशिश करने लगे। लेकिन नेता जी के समर्थक और पुलिस ने इनका फोटो लेने से मना कर दिया। और इस दौरान नेता जी अपना मुंह छुपाते हुए देखे गए। जानकारी के मुताबिक मीरगंज का एकडंगा तिमुहानी यूपी और बिहार का सीमावर्ती इलाका है। जिसकी वजह से अक्सर लोग यूपी में शराब पीकर बिहार की सीमा में प्रवेश कर जाते हैं। जदयू प्रदेश महासचिव संजय चौहान भी शराब के नशे में धुत होकर वापस मीरगंज लौट रहे थे। तभी ये पुलिस के हत्थे चढ़ गए। संजय चौहान कुछ माह पूर्व गोपालगंज के जदयू जिलाध्यक्ष पद पर थे। वर्तमान में प्रदेश महासचिव के पद पर हैं। अब जदयू नेता के शराब के नशे में धुत होकर गिरफ्तार होने से शराबबंदी की पोल खुल गई है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *