दरभंगा: शुक्रवार को लहेरियासराय के पोलो मैदान अवस्थित दरभंगा ऑडिटोरियम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वाधान में विधिक सेवा शिविर 2023 का आयोजन किया गया। अध्यक्षता जिला व सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार विनोद कुमार तिवारी ने की। इसमें सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। इसके लिए कई स्टॉल लगाए गए।
जिला व सत्र न्यायाधीश ने कहा कि सरकार समाज के कल्याण के लिए कई योजनाएं चलाती है, लेकिन लोगों में जागरूकता का अभाव है। इसी उद्देश्य को पूरा करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार, राज्य स्तर पर राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, जिला स्तर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार एवं अनुमंडल स्तर पर अनुमंडल विधिक सेवा प्राधिकार का गठन किया गया है। जिला स्तर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष डिस्ट्रिक्ट जज होते हैं एवं उपाध्यक्ष डीएम होते हैं ताकि जागरूकता कार्यक्रम में कल्याणकारी योजनाओं की सही जानकारी लोगों तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने लोगों से विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा आयोजित जागरूकता कार्यक्रम से जुड़कर लाभ उठाने की अपील की।
जिलाधिकारी सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के उपाध्यक्ष राजीव रौशन ने कहा कि कई बार ऐसा देखने में आता है कि अर्हता प्राप्त वंचित लोगों के उत्थान के लिए योजनाएं तो हैं, लेकिन जानकारी के अभाव में वे लाभ नहीं ले पाते हैं। वैसे लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वाधान में यह कार्यक्रम किया गया है। उन्होंने कहा कि समाज के सबसे निचले पायदान पर खड़े व्यक्ति जिनके लिए यह योजना बनाई गई है, यदि हम उन योजनाओं का लाभ उन्हें दे पा रहे हैं तो हम सही दिशा में काम कर रहे हैं।
इस अवसर पर श्रम संसाधन विभाग, बिहार द्वारा बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत चलाई जा रही योजनाओं से कई लाभुकों को जिला जज ने लाभान्वित करवाया। इनमें अमरनाथ कुमार यादव, अनिल कुमार यादव, मनोज कुमार यादव, शंकर यादव, मो. दिलशाद, लाला सदाय, रामदयाल यादव व गनौर पासवान हैं। डीजे ने डीएम, अपर समाहर्ता राजेश झा राजा, सदर एसडीओ चंद्रिमा अत्री, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, अपर समाहर्ता विधि व्यवस्था राकेश रंजन, डीपीआरओ आलोक राज, वरीय उप समाहर्ता अभिषेक रंजन व सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग नेहा कुमारी के साथ स्टॉलों का निरीक्षण किया।
इस अवसर पर सम्बल योजना के अंतर्गत कई दिव्यांगजनों को बैटरी चालित ट्राईसाइकिल की चाभी एवं प्रमाणपत्र डीजे ने सौंपा। इनमें जवाहर सहनी, फुलेश्वर चौपाल, मो. इस्लाम, राजनारायण यादव, जगदीश सदाय, जीवछ यादव, राजकुमार चौपाल, मो. मुश्ताक, मो. इरफान, फूल हसन, शनिदेव कुमार मंडल, लाल बाबू यादव एवं विश्वनाथ यादव शामिल हैं।

