वार्ड पार्षद मधुबाला सिन्हा की अनोखी पहल, बिहार के पहले महिला जिम की शुरुआत दरभंगा के वार्ड नम्बर:- 21 में हुई।

जिम का उद्घाटन महिला उप विकास आयुक्त अमृषा बैंस ने किया।
दरभंगा। बिहार के पहले महिला जिम की स्थापना से दरभंगा शहर सुर्खियों में है। शहर की महिलाएं अब पर्दा, सुरक्षायुक्त व्यायामशाला में जा सकेगी। 14वें वित्त आयोग की राशि से वार्ड नंबर 21 स्थित हरीबोल तालाब सह पार्क के परिसर में महिलाओं के व्यायाम हेतु जिम संयत्र का उदघाटन हुआ। मात्र ₹ 8,96000 के व्यय से 10 व्यायाम संयंत्र का अधिष्ठापन किया गया है, जिसमें विशेषकर पर्दा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है।
जिम का उद्घाटन महिला आई० ए० एस० उप विकास आयुक्त अमृषा बैंस ने किया। महिला पदाधिकारी से उदघाटन सम्मान में नगर विधायक संजय सरावगी, दरभंगा के जिलाधिकारी राजीव रौशन, नगर आयुक्त कुमार गौरव उपस्थित थे।
सरकारी स्तर पर दरभंगा में यह पहला व्यामशाला का अधिष्ठापन किया गया है। जहां तक बिहार की बात है, महिलाओं के लिए यह पहला सरकारी व्यायामशाला है। दरभंगा शहर के खुबसूरत हरिबोल तालाब के पश्चिमी और दक्षिणी कोने में घेराबंदी कर पर्दा युक्त महिलाओं के लिए यह जिम बना है। इसके रखरखाव और संचालन के लिए 21 सदस्य महिला समिति का भी गठन किया गया है। वार्ड नंबर 21 की पार्षद पदेन सदस्य होंगी। नगर निगम इसका संचालन करेगा। वर्तमान में इसमें कोई शुल्क नहीं रखा गया है। एक माह संचालन के बाद इसमे आये सुझाव पर इसका नियमावली बनाया जाएगा। समय-समय पर महिला पुलिस इसका निरीक्षण करती रहेगी। इस संदर्भ में निवर्तमान पार्षद मधुबाला सिन्हा ने एसएसपी को भी सुरक्षा हेतु आग्रह किया है।
2019 में सैकड़ों लोगों के साथ शिरडी साईं यात्रा के दौरान पार्षद मधुबाला सिन्हा ने वहां स्थापित इस व्यायाम शाला को देख महिला सह यात्रियों की मांग पर इस योजना को स्वीकृत करवाया था। कोरोना के कारण यह कार्य लंबित था।
नागपुर से सभी जिम संयत्र आया है। इसे देखने हेतु लोगों की भीड़ शिलान्यास के दिन से ही है।
महिलाओं के लिए जो अभी व्यायाम संयंत्र स्थापित किया गया है, उसमें लेग प्रेस, एयर वाकर, स्काईवाकर, रोवर, चेस्ट प्रेस कम सीटेड पुलर, सीटेड पुलर, सोल्डर बिल्डर, सर्फ बोर्ड, सीटेट ट्विस्टर ट्रिपल और सीट अप बोर्ड का अधिष्ठापन किया गया है। इसमें एक साथ डेढ़ दर्जन महिलाएं व्यायाम कर सकेंगी।
उद्घाटन के अवसर पर महिला आई० ए० एस० उप विकास आयुक्त अमृषा बैंस ने कहा कि उनका सौभाग्य है कि नगर विधायक सहित वरीय पदाधिकारी की उपस्थिति में महिला होने के नाते उन्हें उद्घाटन का मौका मिला।
नगर विधायक संजय सरावगी ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में बिहार का पहला महिला जिम की स्थापना दरभंगा के लिए गौरव की बात है। इस हेतु उन्होनें पार्षद को विशेष धन्यवाद दिया।
जिलाधिकारी राजीव रौशन ने कहा कि हरिबोल पार्क और तालाब की सुंदरता में यह महिला जिम और चार चांद है। उन्होंने नगर आयुक्त से इसके और विकास हेतु कहा।
नगर आयुक्त कुमार गौरव ने कहा कि इसके शिलान्यास से अब तक लगातार लोग सक्रिय रहे, जिस कारण एक पखवाड़े में यह पूर्ण हुआ।
निवर्तमान पार्षद मधुबाला सिन्हा जिम संचालन हेतु सभी 21 महिलाओं की ओर से आगत अतिथियों को बुके देकर स्वागत किया और धन्यवाद ज्ञापित किया।