दरभंगा: जिले के घनश्यामपुर प्रखंड मुख्यालय अवस्थित शिव मंदिर में हुई एक प्रेमी जोड़े की शादी चर्चा का विषय बन गयी है। सभी इस शादी की वाहवाही कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार लगमा गांव के स्व0 श्रवण झा के पुत्र भूषण कुमार झा का प्रेम प्रसंग रासियारी गांव के भरत झा की पुत्री के साथ चल रहा था। करीब एक वर्ष पूर्व सोशल मीडिया के माध्यम से शुरू हुआ प्यार ऐसा परवान चढ़ा कि दोनों ने घर छोड़कर भागने की ठान ली। तय समय के मुताबिक दोनों घर से निकलकर भाग रहे थे। इसी बीच घनश्यामपुर थाना की गश्ती पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। इसके बाद दोनों के परिजनों को थाने पर बुलाकर समझाया बुझाया गया।
स्थानीय लोगों की पहल और दोनों के परिजनों की रजामंदी के बाद प्रखंड मुख्यालय के निकट अवस्थित शिव मंदिर में दोनों की धूमधाम से शादी करवा दी गयी। इस अनोखी शादी को देखने केलिए लोगों की भीड़ भी उमड़ पड़ी।
शादी के सात फेरों के बाद दोनों ने पति पत्नी के रूप में एकदूसरे को स्वीकार किया। वहीं यह अनोखी शादी पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया।

