प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को राजस्थान की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। पीएम ने अजमेर से दिल्ली छावनी तक राजस्थान की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
पीएम मोदी ने इस दौरान कहा कि राजस्थान की धरती को आज पहली वंदे भारत ट्रेन मिल रही है। दिल्ली कैंट अजमेर वंदे भारत एक्सप्रेस से जयपुर से दिल्ली आना जाना और आसान हो जाएगा। ये राजस्थान के पर्यटन में भी बहुत सहायक होगी। बीते 2 महीनों में ये छठी वंदे भारत है जिसे हरी झंडी दिखाने का मुझे सौभाग्य मिला।
पीएम मोदी ने कहा कि वंदे भारत पहली सेमी हाई स्पीड ट्रेन है जो मेड इन इंडिया है। वंदे भारत पहली ऐसी ट्रेन है जो इतनी कॉम्पैक्ट और कुशल है। वंदे भारत पहली स्वदेशी सुरक्षा तंत्र कवच के अनुकुल है। ये रेलवे के इतिहास की पहली ट्रेन है जिसने बिना अतिरिक्त इंजन के सह्याद्रि घाट की ऊंची चढ़ाई पूरी की.
विपक्ष पर वार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दौरान विपक्ष के खिलाफ खास तौर पर आरजेडी को निशाने पर लेते हुए कहा कि देश का दुर्भाग्य रहा कि रेलवे जैसी महत्वपूर्ण व्यवस्था जो सामान्य मानव के जीवन का इतना बड़ा हिस्सा है उसे भी राजनीति का अखाड़ा बना दिया गया था.पीएम मोदी ने कहा कि हालत ये थी कि रेलवे की भर्तियों में राजनीति होती थी। ग़रीब लोगों की ज़मीन छीन कर उन्हें रेलवे में नौकरी का झांसा दिया गया.पीएम मोदी ने कहा कि 2014 के बाद ही क्रांतिकारी परिवर्तन होने लगा था।