दरभंगा।बेनीपुर अनुमंडल पदाधिकारी के कार्यालय कक्ष में मुहर्रम पर्व शांतिपूर्वक संपन्न कराने को लेकर प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई । बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी प्रदीप कुमार झा ने किया । इस दौरान उन्होंने बहेरा एवं अलीनगर थाना प्रभारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार के निर्देशानुसार मुहर्रम पर्व में किसी भी तरह का जुलूस या नुमाइशी खेल प्रतिबंधित रहेगा । कोरोना प्रोटोकॉल का अनुपालन शतप्रतिशत सुनिश्चित कराए जाने का निर्देश देते हुए सभी संवेदनशील स्थानों पर कड़ी निगाह रखने का निर्देश दिया । साथ ही पंचायत स्तर पर किए गए शांति समिति की बैठक मैं मिले फीडबैक को ध्यान में रखते हुए प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस बल को पूर्व में आगाह करने की आवश्यकता जताई । इस दौरान अनुमंडल आरक्षी पदाधिकारी उमेश्वर चौधरी ने दोनों थानाध्यक्षों को पूर्ण सख्ती के साथ ताजिया जुलूस के साथ-साथ डीजे को प्रतिबंधित करने ,साथ ही नशा का सेवन करने वालों पर कड़ी निगाह रखने के साथ-साथ अफवाह वालों पर भी कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया । इस दौरान बहेरा अंचल निरीक्षक पवन कुमार सिंह ,थानाध्यक्ष रंजीत कुमार चौधरी ,प्रखंड विकास पदाधिकारी अमोल मिश्र ,अंचल अधिकारी भुवनेश्वर झा के साथ-साथ अलीनगर थाना प्रभारी बीके बृजेश सहित प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी उपस्थित थे ।