मिथिला की हर बेटी में सीता का रूप :- दीपिका

धारावाहिक के सिया और राम पधारे मिथिला

संजय मिश्र के कलम से
दरभंगा । राम और सीता का स्मरण होते ही आज के लोगों के मन में रामायण धारावाहिक के पात्र अरुण गोविल और दीपिका चिखालिया की छवि उभर आती है. गुरुवार 1 जून 2023 को धारावाहिक के राम और सीता.. मिथिला पधारे. सपने साकार हुए. उनके लिए और मिथिला के सांस्कृतिक केंद्र दरभंगा के लोगों के लिए बेहद आत्मीय क्षण रहे. सब महसूस कर लेने में लगे रहे कि धार्मिक आस्था में कितना रोमांच हो सकता. तरंगित आंखें कहती रही मुग्ध और आनंद से सराबोर भावनाओं की असीम कथा.

“भगवान राम” का किरदार निभाने वाले अभिनेता अरुण गोविल और सीता की पात्र और अभिनेत्री दीपिका चिखलिया जब दरभंगा के घनश्यामपुर के लगमा गांव एक निजी कार्यक्रम में पहुँचे तो एक झलक देख लेने के लिए उनके आस्थावाणों की भीड़ उमड़ पड़ी. अवसर था बीजेपी वाणिज्य प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रवक्ता सुरेश झा के पुत्र के उपनयन संस्कार का. बच्चे, जवान, बूढ़े.. स्त्री और पुरुष में.. दोनों ही पात्रों के लिए वही आकर्षण.

अभिनेता अरुण गोविल और अभिनेत्री दीपिका चिखलिया पहली बार बिहार के दरभंगा पहुँचे. जहां उन्होंने उपनयन के मड़वा पर जाकर बरुआ सर्वज्ञ को आशीर्वाद दिया. जिसके बाद अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया लगमा गांव स्थित खेल मैदान में आयोजित अभिनंदन समारोह स्थल पहुंचे. जहां उनका आरती के साथ भव्य स्वागत हुआ. इस अवसर पर हजारों की संख्या में उनके फैन्स मौजूद थे.

कार्यक्रम के बाद दीपिका चिखलिया ने कहा कि मुझे जब यहाँ आने का निमंत्रण मिला तो मैं बेहद भावुक हो गई. ये सोच कर कि मैं मिथिला जा रही हूँ. उन्होंने कहा कि मिथिला का नाम जब भी आता है तो रामायण की यादें ताजा हो जाती हैं. मिथिला की हर बेटी सीता का स्वरूप होती है. उन्होंने हर्ष व्यक्त किया कि मिथिला में अभी भी लड़कियों का विवाह वैसे ही होता है जैसे राम और सीता जी के विवाह में हुआ था. ये विधि विधान अनवरत चले आ रहे है.

पत्रकारों के सवाल पर उन्होंने कहा कि जब अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हो रहा है तो सीतामढ़ी में सीता राम मन्दिर का निर्माण होना चाहिए. उन्होंने विश्वास जताया कि अयोध्या में राम मंदिर बनने के बाद सीतामढ़ी में भी मां सीता का भव्य मन्दिर का निर्माण होगा.

वहीं अरुण गोविल ने पत्रकारों से कहा कि मिथिला की पावन धरती पर पहली बार आने का अवसर मिला है. यहां आकर मैं अपने आप में गौरवान्वित महसूस कर रहा हूँ. इसी पावन धरती पर मां सीता ने जन्म लिया था. वहीं उन्होंने कहा कि आज भी यहां के लोग अपनी कला और संस्कृति से लगाव रखते हैं. यहां की धरती काफी धार्मिक और पावन रही है. यहाँ आकर एक बार फिर रामायण की यादें ताजा हो गई हैं. मिथिला की इस पावन धरती ने माता सीता को दिया है. इस ब्रह्मांड को ये अभूतपूर्व सौगात है. उन्होंने कहा कि ये अच्छी बात है कि अयोध्या में राम जन्मभूमि पर मन्दिर निर्माण हो रहा है. उन्होंने आशा जताई कि अगले वर्ष तक मंदिर निर्माण कार्य पूरे हो जाएंगे. उन्होंने उत्साहित होते हुए कहा कि तब हमलोग भी दर्शन करने जाएंगे.

वही बीजेपी नेता सुरेश झा ने कहा कि हमारे घर में किसी प्रकार के आयोजन में हम लोग कुछ अलग हटके काम करते हैं. अपने पुत्र का उपनयन संस्कार के लिए राम और सीता के पात्र को बुलाना तय हुआ. सम्पर्क किया तो दोनों पात्र मिथिला आने को तैयार हो गए. इन दोनो को अपने बीच पाकर गांव वाले काफी खुश हैं.

आपको बता दें कि सन 1980 के दशक में टीवी पर शुरू हुए रामायण में राम का किरदार निभा चुके अभिनेता अरुण गोविल और सीता का रोल करने वालीं दीपिका चिखलिया को देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी लोग रियल देवी-देवताओं की छवि उनमे देख कर पूजा तक करने लगे थे. ये वो दौर था जब बहुत कम लोगों के पास टीवी सेट हुआ करता था. उस समय से अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया के लाखो फैन रहे.

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *