महादलित बस्ती में शराब तस्कर के विरुद्ध छापेमारी के लिए गई पुलिस टीम पर हमला।

महादलित बस्ती में शराब तस्कर के विरुद्ध छापेमारी के लिए गई पुलिस टीम पर हमला।

सोनबरसा ओपी थाना क्षेत्र के मउडीहा गांव में गुरुवार (3 अगस्त) की रात महादलित बस्ती के लोगों ने पुलिस पर हमला कर दिया. घटना रात के करीब 8.30 बजे की है. इस हमले में थानाध्यक्ष सुनील कुमार समेत 6 से 7 पुलिसकर्मी जख्मी हुए हैं. स्थानीय कुछ लोगों का कहना है कि शराब की सूचना पर पुलिस महादलित बस्ती में छापेमारी करने गई थी. हालांकि पुलिस इस बात से इनकार कर रही है.

सदर अस्पताल में पुलिसकर्मियों का हालचाल जानने पहुंचे बक्सर एसपी मनीष कुमार ने मीडिया को बताया कि सोनबरसा ओपी प्रभारी गस्ती में जा रहे थे जहां इनको देखकर लोग वहां से भाग गए. वहां पर किसी की बाइक छूट गई थी. ओपी प्रभारी बाइक थाने पर ले जाकर सत्यापन करने के लिए जा ही रहे थे कि ग्रामीणों ने हमला कर दिया. थानाध्यक्ष और एक कॉन्स्टेबल को चोट लगी है. इस पर बड़ी कार्रवाई होगी.

सदर अस्पताल के चिकित्सक निशांत चौबे ने बताया कि नवानगर थाना के सोनबरसा ओपी से दो पुलिसकर्मी आए हैं. एक सुनील कुमार सिंह और दूसरे मनोज प्रसाद हैं. सुनील कुमार को गंभीर चोट लगी है जिनका प्राथमिक उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवानगर में किया गया है. सदर अस्पताल में आने पर एक्स-रे एवं सीटी स्कैन जांच की गई है. मनोज प्रसाद का एक्स-रे किया जा रहा है. रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है.

इस पूरे मामले में देखा जाए तो पुलिस साफ तौर पर खुलकर बोलने से बचती नजर आ रही है. वहीं दूसरी ओर शराब की सूचना पर सिमरी थाना की पुलिस बुधवार (2 अगस्त) की रात दुल्लहपुर गांव के महादलित बस्ती में गई थी. उस दौरान भी पुलिस पर ग्रामीणों ने हमला बोला था. हालांकि इसमें किसी भी पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है. सिमरी की घटना पर एसपी ने बताया कि ऐसी कोई घटना नहीं हुई है. किसी पुलिसकर्मी को चोटें नहीं आई हैं. हालांकि सोनबरसा में चोट आई है. इस पर बड़ी कार्रवाई होगी.

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *