प्रशासनिक अधिकारी अपने दायित्वों का ईमानदारी से करें निर्वहन – गोपालजी ठाकुर
संजय मिश्र
दरभंगा
सोमवार 23 सितंबर 2024 को बीस सूत्री से जुड़ी दरभंगा जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की समीक्षा स्टॉर्मिंग सेशन से गुजरी। इस समीक्षा बैठक में जहां सदस्यों के सवालों की बौछार में उबाल दिखा वहीं संबंधित अधिकारी शीत और कोजी माहौल में पसीना पोछते नजर आए।
पोलो ग्राउंड स्थित ऑडिटोरियम में हुए इस सेशन की अध्यक्षता बिहार के स्वास्थ्य एवं कृषि विभाग के मंत्री और दरभंगा जिले के प्रभारी मंत्री मंगल पाण्डेय ने की। उन्होंने दावा किया कि इस बैठक से दरभंगा जिले के विकास में तेजी आएगी।
दरभंगा जिला के बीस सूत्री जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के अध्यक्ष मंगल पांडेय ने बैठक में मनरेगा योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण, मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास सहायता योजना 2024-25, जिला जल एवं स्वच्छता समिति, पंचायती राज विभाग की पंचायत सरकार भवन की प्रगति, मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाईट योजना, कृषि, श्रमिक विभाग, आपूर्ति विभाग, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण आदि की समीक्षा की। तमाम विभागों की प्रगति की पावरप्वाइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बारी बारी से सदस्यों को अवगत कराया गया। अध्यक्ष ने पौध रोपण के संबंध में कहा कि माह जनवरी में पौधारोपण किया गया है। माह फरवरी में कितना पौधा बचा हुआ है उसका जांच करा लेने का निर्देश दिया।
दरभंगा के सांसद गोपालजी ठाकुर ने बैठक में 20 सूत्री से जुड़े जनहित के विभिन्न मुद्दों पर लिखित तथा मौखिक रूप अपना सुझाव देते हुए कहा कि इस बैठक का मूल उद्देश्य है कि आम आदमी की समस्याओं का जनप्रतिनिधियों के माध्यम से समाधान हो। और प्रशासनिक अधिकारियों के द्वारा समाधान करवाना। उन्होंने मनरेगा आवास योजना, पेयजल संकट, खाद्य आपूर्ति जैसे आमजनों से सम्बन्धित विषयों के संदर्भ में सुझाव दिए। इसी प्रकार विधायक नगर संजय सरावगी ने मनरेगा योजना की स्वीकृति, नाला निर्माण, भवन निर्माण आदि की स्वीकृत योजनाओं का प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही जिन योजनाओं का भुगतान किया गया है उसका भी प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा। विधायक अलीनगर ने कहा कि जिस योजना का काम हो रहा है, उस योजना का सूचना पट्ट लगाने में लापरवाही बरती जा रही है।
अध्यक्ष का ध्यान दिलाया गया कि पंचायत सरकार भवन बनकर तैयार हो गया है, लेकिन कोई पदाधिकारी एवं कर्मी बैठते नहीं हैं। जिला पंचायती राज पदाधिकारी ने कहा कि विभाग से आईडी मिल गया है। सभी पंचायत के कार्यपालक सहायक एवं डाटा इंट्री ऑपरेटर को आईडी उपलब्ध कराया जाएगा साथ ही वे पंचायत सरकार भवन में बैठेंगे।
विधायक बेनीपुर ने किसान हेतु डीजल अनुदान राशि के संबंध में सुझाव दिए। जिस प्रखंड में वर्षा कम हुआ है उससे अध्यक्ष को अवगत कराया। अध्यक्ष ने कहा कि हमारी प्राथमिकता है कि किसान को डीजल अनुदान देना है। साथ ही उन्होंने जिला कृषि पदाधिकारी से कहा कि जिन प्रखंडों में कम वर्षा हुआ है उनका मुआयना एक सप्ताह के अंदर कर लें।
राज्यसभा सांसद धर्मशिला गुप्ता ने कहा कि दीपावली के अवसर पर किरासन तेल हेतु समुचित व्यवस्था होनी चाहिए। विधायक जाले जीवेश मिश्रा ने जाले, कमतौल, भरवारा एवं सिंहवाड़ा में तैयार जल मीनार संचालित कराने को कहा। संबंधित पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि एक माह के अंदर संचालित करा लिया जाएगा।
विधान पार्षद अब्दुल बारी सिद्दीकी ने जिले में आउटडोर, इंडोर स्टेडियम एवं खेल मैदान के संबंध में सुझाव दिए। उन्होंने पार्क बनाने पर बल दिया तथा बने हुए स्मारक के सौंदर्यकरण पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना से संबंधित हुई बैठक में बताया गया कि 1500 करोड रुपए की निविदा निकाली जाएगी जिससे नगर निगम, नगर परिषद, नगर पंचायत का तेजी से विकास होगा इसके लिए सदस्यों से सुझाव मांगा गया। डीएम राजीव रोशन ने बैठक के अंत में सभी आगत अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने भरोसा दिया कि अध्यक्ष और सदस्यों के सुझाव और संदेश का जिले के अधिकारी शीघ्र अमली जामा पहना कर विकास की गाथा लिखेंगे।
इस अवसर पर गोपाल मंडल जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति (20 सूत्री) के उपाध्यक्ष, जीवछ सहनी उपाध्यक्ष जिला कार्यान्वयन समिति 20 सूत्री, मंत्री मदन सहनी, मंत्री हरि सहनी, विधायक अमन भूषण हजारी, महापौर अंजुम आरा, जिला परिषद अध्यक्ष सीता देवी आदि सदस्य गण शरीक रहे।
बैठक में उप विकास आयुक्त, कार्यपालक अभियंता, उपनिदेशक सूचना एवं जनसंपर्क, अपर समाहर्ता जिला खेल पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी के साथ-साथ सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।

