भुतही थाना क्षेत्र के फुलकाहा व भुतही चौक के बीच बेखौफ बदमाशों ने शुक्रवार की देर शाम युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। उसकी बाइक व मोबाइल लूट लिए।
मृत युवक की पहचान नहीं हो सकी है, उसकी उम्र करीब 22 वर्ष बताई जा रही है। सूचना पर पहुंचे भुतही थाने के एसआई प्रमोद कुमार सिंह ने घटनास्थल का मुआयना किया। आसपास के लोगों से पूछताछ की।
वहीं बीच सड़क पर खून से लथपथ युवक को इलाज के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एसआई प्रमोद कुमार ने बताया कि पुलिस वहां पहुंची तो देखा कि युवक को गोली लगी थी। वह बेहोशी की हालत में था। पुलिस की गश्ती गाड़ी से उसे सीतामढ़ी सदर अस्पताल भेजा गया। युवक के माथे पर गोली मारी गई थी।
बदमाश उसकी जेब से मोबाइल व बाइक लूट कर भाग निकले। पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार तिवारी ने कहा कि मृतक की पहचान की कोशिश की जा रही है।
आसपास के लोगों से पता लगाया जा रहा है। घटना को लेकर पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। बदमाशों की धर-पकड़ के लिए स्थानीय पुलिस पदाधिकारी को छापेमारी का निर्देश दिया गया है।

