दरभंगा ।जिले में जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा 11 से 31 जुलाई तक मनाया गया। जिसके तहत लोगों में परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता फैलायी गयी। जिले में कार्यरत ए.एन.एम. एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्त्ता घर-घर जाकर योग्य दंपतियों को इसकी जानकारी देते हुए उन्हें परिवार नियोजन के प्रति जागरूक किया। इस दौरान इसके उपायों एवं लाभों से अवगत कराते हुए लोगों के बीच परिवार नियोजन के स्थाई एवं अस्थायी साधनों की जानकारी एवं इसके उपयोग के बारे में विस्तार से बताया गया। जिले के सभी स्वास्थ्य केन्द्रों पर परिवार नियोजन पखवाड़ा सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
सिविल सर्जन डा. अनिल कुमार ने बताया जिले में 11 से 31 जुलाई तक चलाये गये जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा से पूर्व जिले में विश्व जनसंख्या दिवस के मौके पर योग्य दंपतियों की खोज एवं परिवार नियोजन के बारे में अभियान चलाकर लोगों को इसके प्रति जागरूक किया गया। जिसका परिणाम यह रहा कि कोरोना काल में जहाँ लोग अस्पताल आने से बचना चाह रहे थे वहीं लोगों में जागरूकता आयी और जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा के दौरान जिले में चलाये जा रहे परिवार नियोजन कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इसका लाभ उठाया। इस दौरान जिले में
•महिलाओं बंध्याकरण 735
•पुरुष नसबंदी 8
•आइयूसीडी (कॉपर टी) 361
•पीपीआईयूसीडी (प्रसव उपरांत कॉपर टी) 423
•अंतरा सुई 1,194
•कंडोम 62,827
•माला एन 13,350
•ईसीपी 4,240
•छाया 9,577 वितरण किया गया।
सिविल सर्जन ने बताया महिला बंध्याकरण से पुरुष नसबंदी बेहतर है। पुरुष नसबंदी और स्त्री नसबंदी में किसी एक को चुनना हो, तो पुरुष नसबंदी को चुनना बेहतर होगा। पुरुष नसबंदी का ऑपरेशन आसान है। इसमें अस्पताल में भर्ती होने की भी जरूरत नहीं पड़ती। ऑपरेशन के बाद पुरुष चलकर भी घर जाने की हालत में रहता है। पुरुष नसबंदी गर्भ रोकने का एक स्थायी तरीका भी है। इससे पुरुष की सिर्फ प्रजनन शक्ति को खत्म किया जाता है, उसका पुरुषत्व, जो हॉर्मोन पर आधारित है, वह इससे प्रभावित नहीं होता है। नसबंदी के बाद पुरुष की सेक्स करने की इच्छा, प्राइवेट पार्ट में तनाव, चरमसीमा का आनंद और वीर्य की मात्रा जितनी पहले थी, उतनी ही रहती है।
नसबंदी कराने पर मिलती है प्रोत्साहन राशि:
जिला सामुदायिक उत्प्रेरक संजय कुमार ने बताया
•नसबंदी कराने वाले लाभार्थी को 3000 रुपये
उत्प्रेरक को 400 रुपये
•प्रसव के तुरंत बाद बंध्याकरण कराने पर लाभार्थी महिला को 3000 रुपये
उत्प्रेरक को 400 रुपये
•पीपीआईयूसीडी बंध्याकरण पर लाभार्थी को 2000 रुपये
एएनएम को 150 रुपये
आशा को 150 रुपये,
•प्रसव पश्चात कॉपर टी लगवाने पर 300 रुपये,
•गर्भपात उपरांत कॉपर टी लगवाने पर लाभार्थी को 300 रुपये,
•अंतरा प्रति सुई लगाने पर प्रति लाभार्थी 100 रुपये
की प्रोत्साहन राशि दी जाती है।