पटना में योगी की तुलना करते हुए लगे सम्राट चौधरी के पोस्टर ने बढ़ा दी राजनीतिक सरगर्मी।

पटना में योगी की तुलना करते हुए लगे सम्राट चौधरी के पोस्टर ने बढ़ा दी राजनीतिक सरगर्मी। पटना में लगे एक पोस्टर ने राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है। पोस्टर में बिहार भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी की तुलना यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ से की गई है। कहा गया है- ‘बिहार का योगी, आ गया सम्राट भैया’, 1 अणे मार्ग…खाली करो, खाली करो।’ यह पोस्टर बेली रोड पर लगाया गया है। जदयू MLC नीरज कुमार ने कहा कि भाजपा पर शनि की साढ़ेसाती सवार हो गया है।

बता दें कि 1 अणे मार्ग मुख्यमंत्री का आधिकारिक आवास है। इस तरह सम्राट चौधरी को बिहार के अगले मुख्यमंत्री के तौर पर भी प्रोजेक्ट किया गया है।

सम्राट चौधरी ने सोमवार को ही पटना में प्रदेश अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया है। दिल्ली से पटना एयरपोर्ट पहुंचने और वहां से भाजपा कार्यालय तक आने के रास्ते में उनका जोरदार स्वागत किया गया था।

इधर पोस्टर पर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। विधानसभा में आज यह पोस्टर चर्चा का विषय बन गया है। राजद और कांग्रेस नेताओं ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी है।

राजद विधायक अख्तरुल इमान शाहीन ने कहा कि यह दिखाता है कि भाजपा के पास अपना कोई चेहरा नहीं है। हमारा एक आदमी, हमारा एक साधारण कार्यकर्ता भाजपा में जाकर प्रदेश अध्यक्ष बन जा रहा है। सम्राट चौधरी क्या थे? कल तक हमारे साथ थे। साधारण विधायक थे। मंत्री थे। ऐसे सैकड़ों सम्राट चौधरी हमारे पास हैं।

मुख्यमंत्री प्रोजेक्ट करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि सपना कोई भी देख सकता है, लेकिन यह प्रमाणित हो गया कि भाजपा के पास अपना कोई चेहरा नहीं है, जिसे वो बड़े पद पर भेज सके।

कांग्रेस विधायक शकील अहमद खान ने 1 अणे मार्ग खाली करने के सवाल पर कहा कि वो बुलडोजर की राजनीति लाना चाहते हैं। यहां जितने भी गरीब हैं, दलित हैं, ओबीसी हैं, सबको बुलडोजर से हटाना चाहते हैं। जिन्हें सरकारी स्तर पर बसाया गया था, उन्हें खाली कराना चाहते हैं।

पूर्व डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि किसी भी दल की चाहत होती है- राज्य में सत्ता हो, सरकार बने। बिहार में भी हम पूरी ताकत से अपनी सरकार बनाएंगे। सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री फेस होंगे क्या…इस सवाल पर कहा कि वक्त आने पर यह पार्टी का नेतृत्व तय करेगा।

पोस्टर मामले पर जदयू MLC नीरज कुमार ने कहा कि भाजपा पर शनि का साढ़ेसाती सवार हो गया है। सुशील मोदी का अपमान करने की क्या जरूरत है? वो लंबे समय से पार्टी के साथ हैं…जनसंघर्ष की उपज हैं। संजय जायसवाल में क्या डिमेरिट है? आगे उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश से हमारा क्या रिश्ता है? हमारा रिश्ता तो झारखंड से है, उड़ीसा और बंगाल से है ।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *