दरभंगा: जिला निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत)-सह-जिलाधिकारी राजीव रौशन द्वारा सभी निर्वाची पदाधिकारी (पंचायत)-सह-प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, दरभंगा जिला को पत्र निर्गत करते हुए कहा है कि राज्य निर्वाचन आयोग, बिहार, पटना द्वारा पंचायत उप निर्वाचन-2023 के पश्चात कतिपय कारणों यथा – मृत्यु, त्याग-पत्र एवं बिहार पंचायत राज अधिनियम, 2006 (यथा संशोधित) की धारा 136 (1) के प्रावधानों के तहत निरर्हित किए जाने या अन्य कारणों से 15 जुलाई 2023 तक रिक्त हुए पदों पर उप निर्वाचन कराये जाने के उद्देश्य से फोटोयुक्त मतदाता सूची तैयार किये जाने का दिशा-निर्देश संसूचित किया गया है।
उक्त के आलोक में उन्होंने कहा कि निर्देशानुसार 01.01.2023 की अहर्ता तिथि के आधार पर 27 जनवरी 2023 को बिहार विधानसभा का अंतिम रूप से प्रकाशित मतदाता सूची के आधार पर ही पंचायत उप निर्वाचन के लिए मतदाता सूची तैयार किया जाना है।
तदनुसार उन्होंने कहा कि पंचायत उप निर्वाचन हेतु फोटोयुक्त मतदाता सूची तैयार करने के लिए निम्न प्रकार से कार्यक्रम निर्धारित किया गया है :-
उन्होंने कहा कि 10 अगस्त से 14 अगस्त 2023 तक अहर्ता तिथि 01 जनवरी 2023 के आधार पर बिहार विधानसभा का अंतिम रूप से प्रकाशित मतदाता सूची का प्रपत्र – क में वार्डवार विखंडन किया गया है।
उन्होंने कहा कि 16 अगस्त से 18 अगस्त तक प्रपत्र – क के अनुसार डाटा बेस की तैयारी एवं प्रारूप मतदाता सूची को सॉफ्टवेयर में प्रविष्टि की गई है। इसके साथ ही 19 अगस्त से 21 अगस्त 2023 तक प्रारूप मतदाता सूची का पीडीएफ तैयार किया जाएगा एवं प्रारूप मतदाता सूची का मुद्रण करवाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 22 अगस्त को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन किया जाएगा। वहीं 22 अगस्त से 04 सितम्बर तक प्रारूप प्रकाशन की अवधि निर्धारित की गई।
उन्होंने कहा कि 24 अगस्त से 10 सितम्बर 2023 तक प्राप्त दावा, आपत्ति का निराकरण एवं तद्नुसार सॉफ्टवेयर में प्रविष्टि की जाएगी एवं 11 सितम्बर से 13 सितम्बर तक मतदाता सूची का पी.डी.एफ तैयार किया जाएगा तथा अंतिम मतदाता सूची का मुद्रण करवाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 14 सितम्बर 2023 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन करवाया जाएगा।
उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया कि राज्य निर्वाचन आयोग, बिहार द्वारा दिये गये निर्देश के आलोक में रिक्त पदों पर पंचायत उप निर्वाचन हेतु पत्र में वर्णित निर्देश के आलोक में फोटोयुक्त मतदाता सूची तैयारी हेतु समय आवश्यक कार्रवाई करना सुनिश्चित करें।
उल्लेखनीय है कि दरभंगा जिला में पंचायत समिति सदस्य के एक रिक्त पद पर पंचायत उप निर्वाचन कराया जाना है। वहीं ग्राम पंचायत सदस्य के तेरह पद पर एवं ग्राम कचहरी पंच के 51 रिक्त पद कुल – 65 पदों पर उप निर्वाचन करवाया जाएगा।
गौरतलब है कि नामांकन प्राप्त नहीं होने के कारण रिक्ति के लिए मतदाता सूची निर्माण हेतु अपनाई जाने वाली प्रक्रिया – पंचायत उप निर्वाचन, 2023 हेतु निर्गत अधिसूचना संख्या – 4644 दिनांक – 26/04/2023 में अधिसूचित रिक्त पद के विरूद्ध कतिपाय कारणों से नामांकन प्राप्त नहीं होने के कारण पद रिक्त रह गये है, वैसे निर्वाचन क्षेत्र में निर्वाचन कराये जाने हेतु नये सिरे से मतदाता सूची तैयार नहीं की जाएगी, क्योंकि उन निर्वाचन क्षेत्र में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन पूर्व में ही सभी प्रक्रियाओं को अपनाकर किया गया है।
वहीं मृत्यु, त्यागपत्र, आयोग द्वारा निर्हरित किये जाने अथवा चुनाव रद्द किये जाने के कारण रिक्ति के लिए मतदाता सूची निर्माण हेतु अपनाई जाने वा प्रक्रिया – इस प्रकार के रिक्ति के विरूद्ध पंचायत उप निर्वाचन कराये जाने के निमित 01.01.2023 की अर्हत्ता तिथि के आधार पर मतदाता सूची तैयार किया जाएगा। इस हेतु पंचायत आम निर्वाचन, 2021 के अवसर पर मतदाता सूची की तैयारी से संबंधित आयोग द्वारा निर्गत पत्र में दिये गये विस्तृत दिशा-निर्देश के आलोक में उपरोक्त कार्यक्रम के अनुसार भारत निर्वाचन आयोग के प्रचलित मतदात सूची से की जाएगी।

