नही रहे वयोवृद्ध कांग्रेसी गजेंद्र चौधरी “गज्जू बाबू”, राजनीतिज्ञों व समाजसेवियों ने जताया शोक।

नही रहे वयोवृद्ध कांग्रेसी गजेंद्र चौधरी “गज्जू बाबू”, राजनीतिज्ञों व समाजसेवियों ने जताया शोक।

दरभंगा । जिले के वयोवृध्द कांग्रेसी व हायाघाट के मझौलिया गाँव निवासी गजेंद्र चौधरी(81) का बीती रात दरभंगा में हृदयाघात से निधन हो गया।
ज्ञात हो कि श्री चौधरी आजीवन कांग्रेस से जुड़े रहे और समाजसेवा में तत्पर रहे। लहेरियासराय के कमर्शियल चौक स्थित 6 दशक से प्रसिद्ध मिथिला टी सिंडिकेट के वो निदेशक थे। आज दशकों-दशक से 26 जनवरी व 15 अगस्त को कमर्शियल चौक पर वो झंडोत्तोलन करते आ रहे थे। पूर्व रेल मंत्री स्व० ललित नारायण मिश्रा, बिहार के पूर्व शिक्षा मंत्री स्व० डॉ० नागेंद्र झा व तत्कालीन समता पार्टी के संस्थापक सदस्य स्व० प्रो० उमाकांत चौधरी से आत्मिक लगाव था उनका। आज सुबह अंतिम दर्शन के लिये उनके शव को उनके पैतृक स्थल हायाघाट के मझौलिया में रखा गया। जहां सैकड़ों लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
जदयू के वरिष्ठ नेता प्रो० विनोद चौधरी ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि दरभंगा जिला कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं 50 वर्षों से हमारे परिवार से व्यक्तिगत रूप से जुड़े गजेंद्र चौधरी के निधन का समाचार अत्यंत ही दुखद है। श्री चौधरी जैसा कांग्रेस का समर्पित कार्यकर्ता अबविरले ही मिलेगा।
मानवाधिकार संरक्षण प्रतिष्ठान के जिलाध्यक्ष सह समाजसेवी प्रदीप कुमार चौधरी ने कहा कि राजनीतिक रूप से अलग-अलग विचारधारा होते हुए भी गज्जू बाबू सबों को समान रूप से प्यार व आशीर्वाद देते थे। वो आज इस दुनिया को छोड़ चले गये। मेरी ओर से उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि।
भाजपा नेता डॉ० आदित्य नारायण “मन्ना” ने कहा कि वरिष्ठ कांग्रेसी नेता व हमलोगों के अभिभावक गज्जू बाबू के निधन से मर्माहत हूँ, मन व्यथित हो उठा है। इस मतलबपरस्त दुनिया में गज्जू बाबू जैसे महान आत्मा बिरले ही पैदा होते हैं।
भाजपा के सोशल मीडिया आईटी सेल के प्रभारी मुकुंद चौधरी ने कहा कि दरभंगा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गजेंद्र चौधरी उर्फ गज्जू बाबू के निधन पर शोक प्रकट करता हूँ।
रामभद्रपुर पंचायत के मुखिया चंद्रशेखर झा उर्फ कन्हाई ने अपने शोक संदेश में कहा कि हायाघाट के वयोवृद्ध कांग्रेसी मझौलिया निवासी गज्जू बाबू अब हमारे बीच नहीं रहे। उन्होंने अपना सारा जीवन राजनीति और समाजसेवा में समर्पित कर दिया। निश्चित ही उनकी कमी हमलोगों को खलेगी। रामभद्रपुर पंचायत की ओर से मैं उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि प्रस्तुत करता हूँ।
मझौलिया पंचायत के पूर्व मुखिया सच्चिदानंद झा उर्फ गुरकुन बाबा ने कहा कि गज्जू बाबू के निधन से हम सब स्तब्ध है। आज हायाघाट के मझौलिया पंचायत का एक समाजसेवी स्तंभ सदा के लिये ढह गया। निकट भविष्य में इनकी भरपाई करना मुश्किल है।
अंतिम संस्कार की प्रक्रिया उनके पैतृक गांव मझौलिया में की गई। मुखाग्नि उनके पुत्र कृष्णकांत चौधरी ने दी। जिले के विभिन्न प्रखंड के सैकड़ों लोगों ने उनके निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *