बिहार के सनकी दामाद ने अपनी पत्नी को दहेज नहीं देने पर फांसी लगाकर मार ड़ालने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि शादी के बाद दो लाख रुपये नहीं दिए, तो दामाद ने आवेश में आकर उसकी सजा अपनी पत्नी को मारकर दी।
पिता ने बड़े अरमान से अपनी इकलौती बेटी के हाथ पीले किए थे। सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज भी दिया था। शादी के सात माह बाद फिर दो लाख की डिमांड हुई। लाचार पिता डिमांड पूरा नहीं कर पाया। जिसको लेकर देर रात दामाद ने परिजनों संग मिलकर पिता की लाडली बेटी को फंदे से लटका कर मौत के घाट उतार दिया। वाकया औरंगाबाद के मदनपुर प्रखंड में सलैया थाना क्षेत्र के पिरवां गांव का है। घटना के बाद ससुराली फरार हो गए है। मृतका पिंकी कुमारी (19) पिरवां निवासी नीरज चौधरी की पत्नी थी। मामले में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर गुरुवार की दोपहर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस अब आगे की कार्रवाई में जुटी है। मृतका की मां मदनपुर के बेरी टोले चौधरी बिगहा निवासी राजकली देवी व अन्य परिजनों ने बताया कि पिंकी की शादी 30 जनवरी 2023 को हिंदू रीति-रिवाज़ के साथ की थी। शादी के लिए पिता ने लोगों से कर्ज लेकर बड़े अरमान से बेटी की शादी पर करीब सात लाख रूपये खर्च किए थे ताकि बेटी को ससुराल में बेटी को कोई तकलीफ नहीं हो।
रक्षाबंधन के त्योहार पर दामाद के साथ भाईयों को राखी बांधने मायके आई थी। बेटी-पिंकी रक्षाबंधन के त्योहार पीहर आई थी। इसी दौरान दामाद ने ससुराल में दो लाख रुपये की डिमांड की थी। जिसे पूरा कर पाने में बेटी के पिता यानी सुसुर ने असमर्थता जताई थी। इसके बाद दामाद बेटी को लेकर अपने घर आ गया। मायके से लौटते ही ससुराल में पिंकी के साथ प्रताड़ित करने का सिलसिला शुरू हुआ। वह आए दिन पत्नी के साथ मारपीट करने लगा। इससे भी उसका जी नही भरा तो देर रात परिजनों के सहयोग से फंदे पर लटका कर पत्नी को मौत के घाट उतार दिया।
मृतका की मां ने बताया कि गुरुवार की सुबह बेटी के गांव वालों से सूचना मिली कि उनकी बेटी की ससुराल वालों ने हत्या कर फांसी के फंदे पर लटका दिया है। ससुराली घर से फरार हो गए है। इसके बाद मृतका के मायके वाले आनन-फानन में पिरवां गांव पहुंचे। वहां फंदे से झूलता हुआ शव देखा। इसके बाद शव को फंदे से उतरवाया और मामले की जानकारी सलैया थाना की पुलिस को दी।
जानकारी मिलते ही सलैया थाना की पुलिस मौके पर में पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने गुरुवार की दोपहर शव को मृतका के परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। सलैया के प्रभारी थानाध्यक्ष विजय प्रसाद सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि मामला हत्या या आत्महत्या का है। पुलिस मामले की दोनों एंगल से जांच करने में जुटी है।

