दरभंगा: ग्रीष्म ऋतु आगमन के साथ ही मौसम का मिजाज बदल रहा है। इसके साथ ही मच्छरों ने भी अपना कहर बरपाना शुरू कर दिया है। बदलते मौसम में मच्छरों के प्रकोप से संक्रामक रोगों का खतरा भी बढ़ रहा है। इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग एवं नगर निगम प्रशासन द्वारा मच्छरों के प्रकोप से बचाव की कोई खास व्यवस्था नहीं कराई जा रही है। होलिकोत्सव का पर्व मनाया जा चुका है। वहीं मार्च माह का प्रथम पखवाड़ा भी समाप्त हो चुका है। ऐसे में मौसम का मिजाज परिवर्तित होना स्वाभाविक है। बदलते मौसम के कारण मच्छरों का आतंक भी चरम पर पहुंच गया है। इसके बावजूद नगर निगम व जिला प्रशासन सहित स्वास्थ्य विभाग द्वारा शहरी क्षेत्र में मच्छरों से मुक्ति के लिए फाॅगिंग नहीं कराया जा रहा है। विभागीय उदासीनता के चलते नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में संक्रामक बीमारियों का खतरा काफी बढ़ चुका है।
नगर निगम क्षेत्र में ही देखा जाए तो चाहे नई बाजार हो या पुरानी बाजार, दरभंगा टावर बाजार हो या सब्जी मंडी अथवा गुदरी बाजार, सभी स्थानों पर मच्छरों की संख्या में इजाफा हो चुका है। ऐसे में शाम होते ही मच्छर अपना कहर बरपाना प्रारंभ कर देते हैं। मच्छरों का यह तांडव पूरी रात जारी रहता है।
आमलोगों मच्छरों से बचाव केलिए अब आईएएस नगर आयुक्त एवं जिलाधिकारी की तरफ ही आस लगाए बैठे हैं।