चोरी की शिकायत थाने में दर्ज कराई जाती है, लेकिन अगर थाने में ही चोरी हो जाए तो फिर इसे क्या कहिएगा. ठीक ऐसा हीं मामला छपरा के गौरा थाने से आया है. जहां थाना से हीं एक ट्रक गायब हो गया. हैरत की बात है इसकी भनक किसी को नहीं लग पाई. पुलिस ने ट्रक को एक आपराधिक मामले में जब्त किया था और थाने में उसे सुरक्षित रखा गया था. लेकिन बीती रात ट्रक रहस्यमय तरीके से गायब हो गया. सुबह ट्रक चोरी की खबर मिलते ही थाने में हड़कंप मच गया और पुलिसकर्मी ट्रक की तलाश में जुट गए. लेकिन अभी तक इस ट्रक का कोई अता पता नहीं चल सका है.
घटना के संबंध में थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस द्वारा एक बालू लदे ट्रक को जब्त किया गया था एवं मामले में गिरफ्तार ड्राइवर को जेल भेज दिया था. पुलिस द्वारा जब्त वाहन को थाने के निकट एक स्कूल के समीप लगाया जाता है. स्कूल के समीप पुलिस द्वारा जब्त ट्रक को अज्ञात चोर मौके से लेकर फरार हो गए. जबकि पुलिस द्वारा जब्त ट्रक में से बैटरी निकाल लेने के बावजूद बैखौफ चोर पुलिस थाने के निकट से ट्रक लेकर फरार हो गए. थाना प्रभारी ने बताया कि चोरी की गई ट्रक की खोजबीन की जा रही है.
पुलिस कर्मियों की लापरवाही आई सामने तो होगी कार्रवाईएसपी गौरव मंगला ने इस पूरे मामले में जांच के आदेश दे दिया है. उन्होंने बताया कि अगर पुलिस कर्मियों की लापरवाही सामने आएगी तो उन पर भी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल ट्रक की तलाश जारी है और जल्दी पुलिस फिर से ट्रक को बरामद कर लेगी. बता दें कि इसके पूर्व भी कोपा थाना से एक बुलेट की चोरी हो गई थी और मुफस्सिल थाने से भी एक बाइक चोरी का मामला सामने आया था. ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि जब थाने में जब वाहन सुरक्षित नहीं है तो आम लोगों का क्या होगा.

