तालाब बचाओ अभियान के सदस्यों एवं शुभचिंतकों की एक बैठक रविवार को मैथिली साहित्य परिषद् के परिसर में प्रो० विद्या नाथ झा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सर्वसम्मति से जिलाधिकारी समेत अन्य उन सभी पदाधिकारियों के प्रति आभार प्रकट किया गया जिन्होंने दरभंगा शहर के वार्ड नम्बर 4 के जलाशय को पुनर्जीवित करने त्वरित कार्रवाई की।
बैठक में प्रो० विद्यानाथ झा ने कहा कि भूमाफियाओं द्वारा तलाबों पर हो रहे लगातार अतिक्रमण के अलोक में जिलाधिकारी द्वारा उठाए गए इस कदम का खास महत्व है. श्री झा ने कहा कि वार्ड नंबर 4 के उक्त तालाब के पुनर्जीवित होने के समाचार से दरभंगा के शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में तालाब संरक्षण की दिशा में काम कर रहे कार्यकर्ताओं में एक नई उम्मीद और जोश आया है.
तालाब बचाओ अभियान के मानद सदस्य अनिल कुमार झा ने बैठक में यह प्रस्ताव रखा कि तालाब को बचाने के इस महान कार्य के लिए जिलाधिकारी राजीव रौशन जी का भव्य नागरिक अभिनन्दन होना चाहिए. श्री झा के इस प्रस्ताव का बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने ध्वनि मत से स्वागत किया.
प्रो० प्रेम मोहन मिश्र ने सुझाव दिया कि एक शिष्ट मंडल जिलाधिकारी से मिले और उनसे तालाब, पर्यावरण व अन्य सामूहिक-सामाजिक हितों के लिए काम करने वाले कार्यकर्ताओं की सुरक्षा के लिए भी अनुरोध करे. उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि तालाब को पुनर्जीवित करने के जिला अ धिकारी के आदेश से दरभंगा शहर के भूमाफियाओं में काफी रोष और आक्रोश बढ़ा है, जिसके कारण तालाब बचाओ अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं के साथ कुछ अप्रिय घटना या झूठे केस-मुकदमा जैसी घटना की आशंका है। इसीलिए जिलाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी से तालाब बचाओ अभियान से जुड़े सभी कार्यकर्ताओं की सुरक्षा के लिए विशेष ध्यान देने के लिए अनुरोध किया जाए।
इस बैठक में योगेन्द्र यादव, अजीत कुमार मिश्र. रणजीव, अभिषेक कुमार झा, डॉ अशोक कुमार सिंह, इंदिरा कुमारी, प्रो शारदा नन्द चौधरी,ललित, बदरे आलम, उपेन्द्र पासवान, वसंत शाह आदि भी शामिल हुए।

