डीएम ने किया टीकाकरण अभियान की समीक्षा,01 अक्टूबर को 60 हजार लोगों टीकाकरण का लक्ष्य
दरभंगा । समाहरणालय अवस्थित बाबा साहब भीम राव अम्बेदकर सभागार में डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम. की अध्यक्षता में 30 सितम्बर से चल रहे टीकाकरण अभियान के प्रथम दिन का टीकाकरण कार्य की समीक्षा किया।
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. अमरेन्द्र कुमार मिश्र ने बताया कि 05 बजे तक 35 हजार लोगों को टीका लग चुका था और टीकाकरण केन्द्रों पर टीकाकरण जारी था।
उल्लेखनीय है कि 30 सितम्बर के लिए जिलाधिकारी द्वारा दरभंगा जिले के लिए 40 हजार लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य दिया गया था।
बैठक में बताया गया कि लक्ष्य पूरा कर लिया जाएगा, लेकिन समीक्षा के दौरान बहादुरपुर, बेनीपुर, जाले, गौड़ाबौराम, तारडीह, मनीगाछी व घनश्यामपुर का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुकूल नहीं पाया गया। जिलाधिकारी ने बहादुरपुर प्रखण्ड में लक्ष्य के विरूद्ध असंतोषजनक प्रदर्शन के लिए बी.पी.एम. बाल विकास परियोजना पदाधिकारी एवं प्रखण्ड विकास पदाधिकारी से जबाव-तलब किया और चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 01 एवं 02 अक्टूबर को प्रदर्शन खराब रहा तो सबके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
बहादुरपुर की सी.डी.पी.ओ. बैठक से अनुपस्थित पाई गयी, जिसके लिए उनका 01 दिन का वेतन स्थगित कर दिया गया है। समीक्षा के दौरान पाया गया कि घनश्यामपुर प्रखण्ड के भूदेव मध्य विद्यालय सहित कई विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के विलम्ब से आने के कारण स्कूल देर से खुला और टीकाकरण काफी विलम्ब से प्रारंभ हुआ, वैसे सभी प्रधानाध्यापकों का वेतन अगले आदेश तक स्थगित करने एवं उनके विरूद्ध अग्रेतर कार्रवाई करने के निर्देश जिला कार्यक्रम पदाधिकारी मध्यान भोजन को दिये गये। तारडीह प्रखंड में नियंत्रण कक्ष नहीं पाये जाने के लिए भी प्रखंड विकास पदाधिकारी तारडीह से जबाव-तलब किया गया। इन प्रखण्ड के पदाधिकारियों को अपने प्रदर्शन में सुधार लाने की चेतावनी दी गयी।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक टीकाकरण केन्द्र के लिए विकास मित्र को 50, स्थानीय शिक्षकों को 50, सेविका को 50 एवं जीविका को 50 एवं आशा को 50 लोगों को प्रोत्साहित कर टीकाकरण केन्द्र पर लाकर टीकाकरण करवाने का लक्ष्य देने हेतु संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को निदेशित किया। उन्होंने कहा कि दिये गये लक्ष्य को जिनके द्वारा पूरा नहीं किया जाएगा, उनके विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी। लक्ष्य पूरा नहीं करने वाले कर्मियों का वेतन/मानदेय स्थगित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 01 अक्टूबर के लिए 60 हजार लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सुबह 07 बजे से टीकाकरण प्रारंभ हो जाना चाहिए।
बैठक में उप विकास आयुक्त तनय सुल्तानिया ने बताया कि अबतक दरभंगा जिले में 17 लाख लोगों का प्रथम डोज का टीकाकरण हुआ है। अभी भी 10 लाख लोगों का टीकाकरण किया जाना है तथा द्वितीय डोज में भी 1.25 लाख का अन्तर है, यानि 1.25 लाख लोगों को द्वितीय डोज दिया जा सकता है।
बैठक में सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार, उप निदेशक, जन सम्पर्क नागेन्द्र कुमार गुप्ता, जिला कल्याण पदाधिकारी मदन प्रसाद, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आई.सी.डी.एस. डॉ. रश्मि वर्मा, डी.पी.एम. विशाल कुमार, केयर इण्डिया की जिला समन्वयक ऋद्धा झा, यूनिसेफ के ओंकार चन्द्र एवं शशिकान्त सिंह व अन्य संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित थे।