टीईटी एवं सीटीईटी अभ्यर्थियों को 7 दिनों के अंदर मिले नियुक्ति पत्र, नहीं तो होगा आंदोलन:- जिलाध्यक्ष
दरभंगा । राज परिसर में टीईटी एवं सीटीईटी चयनित अभ्यर्थियों का हंगामेदार बैठक हुई।
इस बैठक में टीईटी एवं सीटीईटी संघ के जिला अध्यक्ष श्री रौशन कुमार झा ने संबोधित करते हुए कहा कि हमारी शिक्षक नियोजन प्रक्रिया पिछले 3 वर्षों से जारी है। सरकार इस नियोजन के प्रति उदासीनता का संकेत हमेशा से प्रदर्शित करती आई है। श्री झा ने कहा हमारा चयन लगभग 5 माह पहले काउंसलिंग के दौरान हुई, लेकिन अभी तक नियुक्ति पत्र नहीं मिला है। यदि 7 दिनों के अंदर हम लोगों की नियुक्ति पत्र देने की तारीख नहीं घोषित की जाती है तो हम लोग आने वाले विधानसभा सत्र के दौरान राजधानी पटना में जोरदार आंदोलन करने को विवश हो जाएंगे।
इस बैठक में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बैठक में महिला अभ्यर्थी नीतू कुमारी, मधु कुमारी, शिखा कुमारी व ज्योति झा आदि ने कहा कि सरकार के ढुलमुल रवैया के कारण हम लोग कई वर्षों से बेरोजगार बैठे हुए हैं। जिससे मानसिक स्थिति पर भी असर पड़ रहा है।
सभा में संबोधित करते हुए आदित्य कुमार झा ने कहा हम लोगों ने पूर्व में भी नियुक्ति खुलवाने के लिए तथा काउंसलिंग के लिए भी आंदोलन किया। अब पुनः नियुक्ति पत्र प्राप्त करने के लिए भी आंदोलन करना पड़ेगा।
बैठक में उपस्थित राहुल झा, इम्तियाज अहमद एवं उपस्थित सैकड़ों अभ्यर्थियों का कहना है कि होने वाले आंदोलन में सभी चयनित अभ्यर्थियों को आगे आना चाहिए तथा नियुक्ति पत्र दिलवाने में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। ताकि बहाली आने वाले समय में जल्द से जल्द संपन्न हो सके।
बैठक में सैकड़ों चयनित अभ्यर्थियों ने भाग लिया जिनमें से मंतोष कुमार, दीपक कुमार, धर्मेश ठाकुर, विष्णु कांत राय, राजू झा, कुणाल किशोर एवं अन्य अभ्यर्थी उपस्थित थे।