चरित्रहीनता का आरोप लगाकर ग्रामीण युवकों ने की थी लड़की की पिटाई, इलाज के दौरान हुई मौत।

चरित्रहीनता का आरोप लगाकर ग्रामीण युवकों ने की थी लड़की की पिटाई, इलाज के दौरान हुई मौत।

जिले के बथनाहा थाना अंतर्गत भगवानपुर गांव में एक 17 वर्षीया लड़की की संदेहास्पद स्थिति में मौत के बाद गांव में हड़कंप मच गया. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थानाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजन को सौंप दिया. लड़की की मां द्वारा पुलिस को पहले बताया गया कि बीते 17 जून की मध्य रात्रि को बदचलन होने का आरोप लगाकर गांव के ही कुछ लड़कों के द्वारा उसकी पुत्री को घर से कुछ दूर ले जाकर बेरहमी से पिटाई की थी.

लड़कों के द्वारा पिटाई के बाद लड़की की मां ने अपनी बहन को बुलाकर उसे परिहार प्रखंड अंतर्गत परवाहा गांव भेज दिया, जहां स्थानीय चिकित्सक से उसका इलाज चल रहा था. मंगलवार को लड़की ने अपनी मां से सीने में दर्द और सांस लेने में दिक्कत होने की शिकायत की, जिसके बाद परिजनों द्वारा उसे सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालात को देखते हुए एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया गया. मुजफ्फरपुर ले जाने की तैयारी ही की जा रही थी कि उसकी मौत हो गई. इसके बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गया.

मृतका की मां द्वारा मौके पर पहुंची पुलिस के समक्ष पड़ोस के चार लड़कों पर मारपीट का आरोप लगाया गया. हालांकि, थानाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने कहा कि मिली जानकारी के अनुसार बाद में जब पुलिस द्वारा महिला से घटना की बाबत आवेदन मांगा गया, तो मृतका की मां के द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराने से इनकार कर दिया गया. पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है.

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *