दरभंगा।जानकी टाईम्स में बिना सूचना के प्रधान लिपिक सरकारी रोकड़ बही एवं चेक बुक के साथ फरार शीर्षक से छपी खबर के बाद दोनों लिपिक अपने कार्यालय में आज मौजूद दिखे।बता दें कि बेनीपुर अंचल के प्रधान सहायक एवं नाजिर द्वारा सरकारी अभिलेख लेकर एक सप्ताह से अधिक समय से फरार रहने के बाद जानकी टाईम्स में छपी खबर का असर दिखने लगी है । सुर्खियां बनते ही दोनों कर्मी सोमवार को अंचल कार्यालय पहुंचकर अपने कार्यालय में बैठे नजर आए । जबकि अंचल नजारत में आज दिन भर भी ताले झूलते नजर आए । ज्ञात हो कि निवर्तमान अंचल अधिकारी भुवनेश्वर झा के बाद अलीनगर के अंचलाधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव को बेनीपुर अंचलाधिकारी का प्रभार जिला पदाधिकारी के निर्देश पर सौंपा गया । लेकिन रोकड़ बही अद्यतन नहीं रहने के कारण तत्काल वित्तीय प्रभार का लेनदेन नहीं हो सका । लेकिन इस बीच प्रधान सहायक इब्ने हसन और नाजिर संजीव कुमार चौधरी सरकारी अभिलेख के साथ विगत 24 जुलाई से अंचल कार्यालय से फरार चल रहे थे । प्रभारी अंचलाधिकारी ने दोनों कर्मी को गत 30जुलाई को स्पष्टीकरण पूछते हुए जवाब तलब किया था । उक्त स्पष्टीकरण के आलोक में प्रधान सहायक ने वर्तमान अंचलाधिकारी के कार्य क्षेत्र को ही चुनौती देते हुए कहा कि मैं आज भी अधिसूचित प्रधान सहायक हूं हमसे प्रभार लेकर किसी अन्य संविदा कर्मी को प्रधान सहायक का प्रभार नहीं दिया जा सकता है । और मैं रोकड़ बही अद्यतन कराने के लिए ही कार्यालय से अनुपस्थित था । इधर आज दोनों कर्मी कार्यालय में तो उपस्थित हुए लेकिन नजारत में पूर्ववत ताला झूल रही थी और प्रधान सहायक अपने टेबल पर बैठे हुए थे । इस संबंध में पूछने पर अंचल अधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव बताते हैं कि आज अरुण कुमार चौधरी अनुपस्थित हैं उनके कार्यालय पहुँचते ही प्रधान सहायक का प्रभार हो जाएगा वैसे वे कार्य प्रारंभ कर दिया है । वितीय प्रभार के संबंध में उच्चाधिकारी से मार्गदर्शन मॉगी गयी है ।