जिला पुलिस को दोहरी कामयाबी मिली है। पुलिस ने आधा दर्जन वारदात में वांछित अपराधी को दो अन्य हथियार आपूर्तिकर्ताओं के साथ मंगलवार को गिरफ्तार किया है।
जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनय तिवारी ने प्रेसवार्ता में बताया कि समस्तीपुर में तीन हत्याकांड एवं दरभंगा में एक लाख की लूट मामले का वांछित कुख्यात अपराधी लक्ष्मण राय को एक गुप्त सूचना के बाद गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ के क्रम में उसने करीब आधा दर्जन कांडों में लिप्त होना स्वीकार किया है।
समस्तीपुर जिले के मोहद्दीनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने हथियार तस्करी की सूचना पर बलदेव सिंह और विक्रम सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से हथियार भी बरामद किए। एसपी ने बताया कि पूछताछ के क्रम में दोनों ने बताया कि गांव में वर्चस्व और जमीन कब्जा करने को लेकर हथियार बिक्री का खेल चल रहा था। एसपी तिवारी ने बताया कि पकड़े गए अपराधियों को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी । दरभंगा जिला पुलिस को इसकी सूचना दी गई है कि सोना लूटकांड में वांछित लक्ष्मण की गिरफ्तारी हो गई है। दरभंगा पुलिस भी उससे पूछताछ करेगी। अन्य जिलों से भी उसका आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।