आपसी रंजिश में दो बदमाशों ने युवक को मारी गोली, आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन।

आपसी रंजिश में दो बदमाशों ने युवक को मारी गोली, आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन।

पटना : आलमगंज थाना क्षेत्र के सादिकपुर पुलिस चौकी के समीप शनिवार की दोपहर लगभग दो बजे बाइक सवार अपराधियों ने शादाब कुरैशी उर्फ सानू (22 वर्ष) को सिर व पेट में तीन गोलियां मार दीं।

घायल का इलाज पीएमसीएच में जारी है। दिनदहाड़े फायरिंग होते ही पश्चिम दरवाजा क्षेत्र में दुकानों के शटर गिरने लगे। राहगीर भागने लगे।

बाद में आक्रोशित स्थानीय नागरिकों ने अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पश्चिम दरवाजा व सादिकपुर में बांस-बल्ला लगाकर सड़क जाम कर दिया। टायर जला वाहनों का परिचालन करीब दो घंटे ठप रखा गया।

पुलिस घटना का कारण एक दिन पहले युवक के साथ हुए झगड़े को लेकर आपसी रंजिश बता रही है। थानाध्यक्ष ने कहा कि घायल के बयान के बाद मामला स्पष्ट होगा।

आलमगंज थाना क्षेत्र के बेलवरगंज स्थित डबडब गली के स्वर्गीय मोहम्मद अकबर का बड़ा पुत्र शादाब कुरैशी उर्फ सानू घर से निकल कर सादिकपुर पुलिस चौकी के समीप बड़ पेड़ के नीचे पांच दोस्तों के साथ बैठा था।

इसी दौरान बाइक पर सवार दो अपराधी आकर उसे खदेड़ने लगे। उसने बचने का प्रयास किया। अपराधियों ने घेर कर शादाब के सिर व पेट में गोली मार दी। इसके बाद बाइक सवार अपराधी हाट की ओर भाग गए।

घटनास्थल पर मौजूद लोग घायल युवक को इलाज के लिए पहले एनएमसीएच और फिर पीएमसीएच ले गए। सहायक पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस ने देर शाम बताया कि घायल युवक का इलाज पीएमसीएच में जारी है।

घटना से आक्रोशित करीब 150 नागरिकों ने सड़क पर उतर कर अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए अशोक राजपथ व संपर्क पथों पर बांस-बल्ला लगा सड़क जाम कर दिया।

घटना की सूचना पाते ही एएसपी, आलमगंज थानाध्यक्ष अभिजीत कुमार, खाजेकलां थानाध्यक्ष राहुल ठाकुर व चौक थानाध्यक्ष गौरीशंकर गुप्ता ने घटनास्थल पर पहुंचे और हंगामा कर रहे नागरिकों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया।

मां सायरा ने बताया कि बड़ा बेटा शादाब गोरखपुर में कॉपी कारखाने में काम करता है। शुक्रवार को इसका किसी से झगड़ा हुआ था, फिर कुछ लोग घर पर आकर बेटे के साथ मारपीट कर फरार हो गए।

शनिवार को मां सुबह बाजार के लिए निकली तो पीछे से शादाब भी निकला। थोड़ी देर बाद पता चला कि उसे गोली मारी गई है। छोटे भाई जकी ने कहा कि वह समझ नहीं पा रहा है कि भैया को क्यों और किसने गोली मारी है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *