तेज रफ्तार कार और ऑटो की सीधी टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। जबकि दस लोग घायल हुए है। हादसा मंगलवार सुबह कमतौल थाना क्षेत्र के सिरहुल्ली मोड़ के पास दरभंगा -सहारघाट मुख्य पथ एसएच 75 पर हुई है। बताया जाता है कि दुर्घटना के बाद स्थानीय पीएचसी से रेफर करने पर घायलों को डीएमसीएच इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान मधुबनी जिले के सहारघाट थाना क्षेत्र के त्रिमुहान गांव निवासी स्व.मुजबिर रहमान के पुत्र मो.मुस्तफा(50)की मौत हो गई। मृतक के बहनोई केवटी के जलवार निवासी मो.अशफाक ने बताया कि त्रिमुहान गांव एक ही परिवार के दस लोग दरभंगा जंक्शन आ रहे थे। इसी दौरान दरभंगा की तरफ से जा रही एक कार ने सामने से ठोकर मार दी। हादसे में त्रिमुहान गांव निवासी मो.आरीफ(40),उनकी पत्नी जहाना खातून(35),बेटा उबाद शेख(10),मो.आरजू की पत्नी फरजाना खातून(32),मो.याकूब के पुत्र मो.अशफाक(35),मो.जियाउर रहमान के पुत्र मो.सलमान(32) और ऑटो चालक रामशोभित यादव(60)का गंभीर स्थिति में इलाज चल रहा है। वहीं कार सवार दो घायल निजी अस्पताल में इलाजरत बताए जाते हैं।

