न्यूज डेस्क: पति-पत्नी का रिश्ता बड़ा ही प्यारा, अनमोल लेकिन संवेदनशील भी होता है, ऐसा हम नहीं बल्कि पुलिस के पास आया एक मामला कह रहा है क्योंकि कब किस बात को लेकर पति-पत्नी में नोंकझोंक और विवाद हो जाए, कहा नहीं जा सकता है. ऐसा ही एक मामला उत्तर प्रदेश के आगरा से सामने आया है जिसमें लिपस्टिक झगड़े की वजह बन गया और मामला थाना तक जा पहुंचा. इसके बाद पुलिस को परिवार परामर्श केंद्र की मदद लेनी पड़ी. यूं तो परिवार परामर्श केंद्र में अलग-अलग तरह के मामले सामने आते हैं, कभी पति पत्नी और वो का मामला तो कभी जायदाद का मामला लेकिन इस बार परिवार परामर्श केंद्र में एक अलग तरह का मामला सामने आया जिसको सुलझाने की गुत्थी में परामर्श केंद्र के अधिकारी जुटे हुए हैं.
दरअसल परिवार परामर्श केंद्र में आई एक युवती ने आरोप लगाया है कि पति ने उसके साथ सिर्फ इस बात पर मारपीट कर दी कि उसके होठों पर लगी लिपस्टिक हट क्यों गई थी, तो वहीं पति का कहना था कि रात में पत्नी ने उसके सामने अपने होठों पर लिपस्टिक लगाई, लेकिन सुबह उसके होठों पर लगी लिपस्टिक गायब थी. शादी को तीन महीने हुए हैं और पति को अपनी ही पत्नी पर शक है.
मामला आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र का है. यहां रहने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि वह किसी फैक्ट्री में मजदूरी करता है. एक दिन रात में पत्नी ने सोने से पहले होठों पर लिपस्टिक लगाई थी, लेकिन सुबह होते ही वह गायब हो गई। इस पर पति ने पत्नी से पूछा तो पत्नी से इसे लेकर लाख सफाई दी लेकिन पत्नी का शक दूर नहीं हो पाया. फिर क्या था दोनों के बीच झगड़ा हो गया। बात थाने तक जा पहुंची.
काउसिलिंग के दौरान भी पति लिपस्टिक वाली बात दोहराता रहा. पत्नी ने कहा कि वह कई बार सफाई दे चुकी है. पर वह सुनने को तैयार नहीं हैं. पत्नी ने कहा कि उसने पति के सामने लिपस्टिक लगाई थी. उसके बाद खाना खाया और ब्रश किया और फिर सोने चली गई, जिससे लिपस्टिक साफ हो गई. हालांकि काउंसलर के समझाने के बाद पति का शक दूर नहीं हुआ.
इस मामूली बात पर दोनों में विवद इतना बढ़ गया कि शादी तोड़ने की बातें भी गरमा गर्मी में दोनों के बीच होने लगी। ऐसे मैं अब परिवार परामर्श केंद्र के अधिकारी मामले को सुलझाने में जुटे हैं।

