दरभंगा।बेनीपुर अनुमंडल क्षेत्र में चल रहे कथित फर्जी एवं गैर निबंधित नर्सिंग होम कि अब कलई खुलने लगी है । चिकित्सा प्रभारी डॉ अमरनाथ झा एवं यक्ष्मा केंद्र के प्रभारी डॉ आर सी झा ने अपने संयुक्त जांच प्रतिवेदन में जिले के सिविल सर्जन को विस्तृत प्रतिवेदन भेज कर इन नर्सिंग होम को बंद करने की म मांग की है । ज्ञात हो कि 3 माह पूर्व एक समाजसेवी कार्यकर्ता लोक शिकायत निवारण कार्यालय में परिवाद पत्र दायर कथित फर्जी एवं निबंधित नर्सिंग होम को बंद कराने की मांग की थी । साथ ही उक्त नर्सिंग होम के संचालक द्वारा ग्रामीण क्षेत्र के भोले भाले गरीब जनता को विभिन्न बहाना बनाकर आर्थिक शोषण का आरोप लगाया था । और सही इलाज नहीं होने के कारण कई अनपढ़ गरीब मरीजों को असामयिक काल कवलित होने की भी जिक्र किया था । उक्त परिवाद के आलोक में जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी ने सिविल सर्जन से विस्तृत प्रतिवेदन की मांग की थी । सिविल सर्जन दरभंगा ने अपने पत्रांक 1556 दिनांक 30 जून 21 को स्थानीय चिकित्सा प्रभारी को पत्र लिखकर बेनीपुर में संचालित कुछ नर्सिंग होम का जांच कर प्रतिवेदन भेजने का निर्देश दिया था । उक्त आलोक में चिकित्सा प्रभारी डॉ अमरनाथ झा एवं यक्ष्मा केंद्र के प्रभारी डॉ आर सी झा ने गुडविल हॉस्पिटल भरत चौक बेनीपुर ,सुमन हेल्थ केयर बेनीपुर एवं गंगा आरोग्य निकेतन बेनीपुर का स्थल जांच किया था । जिस क्रम में कई गंभीर शल्य चिकित्सा किए हुए मरीज एवं कई सामान्य मरीज भर्ती पाए गए लेकिन वहां ना तो कोई चिकित्सक मौजूद थे और ना ही मांगने पर नर्सिंग होम का कोई वैध कागजात प्रस्तुत किया गया । उक्त आलोक में चिकित्सा प्रभारी द्वय ने अपना विस्तृत प्रतिवेदन जिला सिविल सर्जन को उपलब्ध करा दिया है लेकिन जिला स्तरीय पदाधिकारी द्वारा उक्त मामले को भी लीपापोती शुरू कर दी गई है ।इस बीच उत्प्लव सामाजिक संस्था के अध्यक्ष रमेश चंद्र मिश्र ने जिला पदाधिकारी को आवेदन देकर इसकी विस्तृत जांच कराने की मांग की है साथ ही गैर निबंधित एवं फर्जी नर्सिंग होम के विरुद्ध चरणबद्ध आंदोलन चलाने की घोषणा की है ।