दोनार रेलवे गुमटी के नजदीक ट्रैक पर मिला छात्र का शव, जांच में जुटी पुलिस।

दोनार रेलवे गुमटी के नजदीक ट्रैक पर मिला छात्र का शव, जांच में जुटी पुलिस।

बिहार के दरभंगा के दोनार रेलवे गुमटी से पूरब रेलवे ट्रैक पर एक युवक की हत्या कर शव फेंका हुआ मिला। इससे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बहादुरपुर थाना क्षेत्र के दिलावरपुर मुहल्ला निवासी सुनील राम के बेटे सुमित कुमार (16) के रूप में की गई है। स्थानीय लोगों की सूचना पर जीआरपी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के मुताबिक, शहर के दोनार रेलवे गुमटी से पूरब रेलवे ट्रैक पर सिग्नल के पास अहले सुबह शव मिलने पर सनसनी फैल गई। जहां मौजूद लोग गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जता रहे थे। बताया जा रहा है कि सुनील राम के बेटे की हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक के किनारे फेंक दिया गया। परिजनों ने इस बात को लेकर हत्या की आशंका जताई है कि मृतक का मोबाइल शव के बगल में ही पड़ा था, जबकि मोबाइल से सिम कार्ड गायब है। मृतक सुमित का घर घटनास्थल से मात्र 200 से 300 मीटर की दूरी पर है। सुमित 10वीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा था। उसके पिता सुनील राम दिव्यांग हैं और मां सीता देवी दरभंगा नगर निगम में कार्यरत हैं।

मृतक की मां सीता देवी ने बताया कि वे पिछले चार दिनों से अपनी बीमारी का इलाज कमतौल में करा रही थीं। सुबह को बेटे की हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक पर फेंकने की सूचना मोबाइल फोन पर मिली तो भागी-भागी सीधे डीएमसीएच पहुंची। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल बना हुआ है।

परिजनों ने बताया कि सुमित रात को खाना खाकर घर से घूमने के लिए निकला था। उसके एक परिजन ने रात के 10 बजे के आसपास उसे दोनार गुमटी के पास बने सड़क के डिवाइडर पर बैठा हुआ देखने की बात बताई। जब वह देर रात तक घर नहीं लौटा तो परिजन ने काफी खोजबीन की तो वह नहीं मिला। सुबह होते ही उसका शव रेलवे लाइन पर मिलने की सूचना से घर-परिवार में कोहराम मच गया।

सुमित दो भाई और चार बहन हैं, जिनमें वह सबसे छोटा था। वह 10वीं कक्षा में पढ़ा करता था। उसकी मौत से सारे लोग स्तब्ध हैं। मृतक की मां सीता देवी ने अपने बेटे की हत्या करने की आशंका जताई है। हालांकि वह यह नहीं बता पाईं कि उन्हें बेटे की हत्या करने का शक किस पर है।

इस बारे में जीआरपी थानाध्यक्ष रामजी उपाध्याय ने बताया कि दोनार रेलवे गुमटी के पूरब एक शव मिलने सूचना मिली थी। घटनास्थल पर मिला छात्र का शव देखने पर पहली नजर में लग रहा है कि किसी ट्रेन से गिरने या ठोकर लगने से उसकी मौत हुई है। फिलहाल इस घटना की छानबीन की जा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *