बिहार के लखीसराय से बड़ी खबर आ रही है. यहां पुलिस ने एक रिटायर दरोगा के घर से खतरनाक हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया है. एएसपी रौशन कुमार के नेतृत्व में टाउन थाना ,कबैया थाना एवं एसएसबी की टीम ने शहर के कबैया थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड नं ०-25 में रिटायर दरोगा के घर छापेमारी की गई थी. पुलिस ने रिटायर दरोगा के बेटे को एक ऑटोमेटिक पिस्टल, एक देसी पिस्टल, एक देसी कट्टा, हैंड ग्रेनेड और सात जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है. रिटायर्ड दरोगा के बेटे का नाम गोविंदा है, जो पेशे से इंजीनियर है. आरोपी प्रॉपर्टी डीलर राहुल उर्फ झंडू का खास सहयोगी बताया जा रहा है.
बरामद ऑटोमैटिक पिस्टल और हैंडग्रेनेड के बारे में पुलिस नोएडा से गिरफ्तार झंडू से पूछताछ के बाद खुलासा करेगी. वहीं गिरफ्तार अपराधी गोविंदा ने बताया कि हथियार का जखीरा आर्मी जवान मुकेश के द्वारा उसे मुहैया कराया गया है. हालांकि पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है. एसपी ने बताया कि गोविंदा की गिरफ्तारी लखीसराय पुलिस के साथ लिए बड़ी कामयाबी है. इससे अपराधियों को संरक्षण देने वाले लोगों को सबक मिलेगा.
एसपी ने बताया कि गोविंदा इन दिनों कुख्यात अपराधियों का मुख्य संरक्षक बना हुआ था. अपराधियों के हथियारों को भी अपने यहां सुरक्षित रखने का काम कर रहा था. गोविंदा को लग रहा था कि रिटायर सब इंस्पेक्टर का बेटा होने के कारण पुलिस उसके उपर शक नहीं करेगा.

