बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक युवक ने अपनी शादीशुदा प्रेमिका को गोली मार दी. फिर खुद को भी गोली मारकर घायल कर दिया. घायल अवस्था में दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. जानकारी के मुताबिक शादीशुदा महिला रिश्ते में आरोपी की मामी लगती है.
अस्पताल के सीनियर डॉक्टर गौरव वर्मा ने बताया कि महिला के सीने में गोली लगी है जिसके कारण उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. वहीं युवक के हाथ में गोली लगी है. दोनों की गोली निकालने का प्रयास किया जा रहा है. घायल महिला के जेठ ने बताया कि उसका छोटा भाई सुजीत कुमार छोटू एक निजी अस्पताल में कंपाउंडर का काम करता है. उसकी पत्नी रूपा कुमारी (35 वर्ष) लगभग छह माह पूर्व सोनू कुमार उर्फ शाहिद सिन्हा के साथ प्रेम प्रसंग में भाग गई थी.
सोनू ने उसे दरभंगा के जैद नगर लहेरियासराय स्थित अपने घर में रखा. दोनों दो माह पूर्व वापस आए. फिर रूपा कुमारी को समझाया गया और उसके दोनों बच्चों की दुहाई देकर घर वापस बुला लिया. गुरुवार शाम अचानक प्रेमी सोनू बाइक से उसके घर आया. रूपा से उसने पहली मंजिल पर एक कमरे में आधे घंटे बात की और चाय पी. उसके बाद घर का दरवाजा बंद कर उसने रूपा के सीने में गोली मार दी.

