जिले में 91 हजार बाढ़ पीड़ितों के बीच कराया जा रहा है भोजन

दरभंगा। प्रभारी पदाधिकारी, जिला आपदा प्रबंधन, दरभंगा सत्यम सहाय ने बताया कि दरभंगा जिला के बागमती, अधवारा एवं कमला नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।
उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित प्रखण्ड यथा – किरतपुर, गौड़ाबौराम, मनीगाछी, घनश्यामपुर, बिरौल, कुशेश्वरस्थान पूर्वी, सिंहवाड़ा, जाले, हनुमाननगर, बहादुरपुर, दरभंगा सदर, केवटी एवं बहेड़ी अंचल बाढ़ से प्रभावित हैं।
बाढ़ आने पर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में यातायात, कृषि आदि क्षेत्रों के प्रभावित होने की संभावना है। बाढ़ से फसल क्षति व्यापक पैमाने पर होती है। वर्तमान में बाढ़ से हुई फसल क्षति का आकलन किया जा रहा है।
जिला प्रशासन द्वारा बचाव हेतु बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 786 क्विंटल पशुचारे का वितरण किया गया है। इसके साथ ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में 103 स्वास्थ्य केन्द्र चलाए जा रहे हैं, जहाँ अबतक 02 हजार 972 व्यक्तियों का उपचार किया गया है। पेयजल शुद्धिकरण के लिए 04 हजार 224 हैलोजन टेबलेट का वितरण करवाया गया है एवं निवास स्थलों को स्वच्छ बनाये रखने हेतु 292 किलोग्राम ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव करवाया गया है।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में  99 स्थलों पर सामुदायिक रसोई चलाई जा रही है, जिनमें 91 हजार 013 बाढ़ प्रभावित लोगों को सुबह-शाम भोजन करवाया जा रहा है। अबतक सर्वाधिक 231 सामुदायिक रसोई का संचालन किया गया है, जिनमें अबतक कुल 12 लाख 61 हजार 874 बाढ़ प्रभावित लोगों को सुबह-शाम भोजन करवाया गया है।
बाढ़ प्रभावित निष्क्रमित आबादी के बीच अब तक 08 हजार 876 पॉलीथिन शीट्स का वितरण करवाया गया है।
जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन एस.एम ने सभी संबंधित प्रखण्ड के वरीय पदाधिकारियों को लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर निष्क्रमित आबादी के बीच बाढ़ राहत कार्य चलवाने एवं बाढ़ की स्थिति पर नजर बनाए रखने का निर्देश दिया है।

 

 

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *