देर रात बेनीपुर अनुमंडल अस्पताल पहुंचे पप्पू यादव ने क्यों लगाया एसडीपीओ को फोन, जानिए पूरा मामला।

देर रात बेनीपुर अनुमंडल अस्पताल पहुंचे पप्पू यादव ने क्यों लगाया एसडीपीओ को फोन, जानिए पूरा मामला।

दरभंगा के तारडीह प्रखंड और मनीगाछी थाना क्षेत्र इजरहट्टा में मंगलवार की रात करीब 10.30 बजे सड़क पर हंगामा करने से मना करने पर बदमाशों ने दो लोगों को चाकू घोंप दिया। दो अन्य को लाठी-डंडा से मारकर घायल कर दिया।

घायलों में दो को बेनीपुर अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत देखते हुए डीएमसीएच रेफर किया गया है। घटना की सूचना पाकर देर रात जाप सुप्रीमो पप्पू यादव भी बेनीपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पप्पू यादव ने एसडीपीओ को फोन कर बदमाशों को गिरफ्तार करने की मांग की।

स्थानीय लोगों के अनुसार, इजरहट्टा और अलीनगर की सीमा के बीच रात में सड़क किनारे आप्टिकल फाइबर बिछाया जा रहा था। एक भारी वाहन सड़क पर लगा हुआ था। उसी सड़क से दो बाइक पर सवार नशे में धुत अलीनगर के हरिहठा गांव के चार-पांच युवक जा रहे थे। सड़क जाम होने के कारण वाहन चालक के साथ बदसलूकी और मारपीट करने लगे।

हंगामा सुनकर बगल में ही रहने वाले रामप्रसाद मुखिया घर से निकले और युवकों को घर के सामने हंगामा करने से मना किया। इस पर युवकों ने वाहन चालक को छोड़कर रामप्रसाद मुखिया पर हमला बोल दिया। बीचबचाव करने पहुंचे शत्रुघ्न मुखिया, हुकुमदेव यादव और परमेश्वर मुखिया की भी पिटाई शुरू कर दी।

इस बीच युवकों ने राम प्रसाद मुखिया (55 वर्ष) और शत्रुघ्न मुखिया (26 वर्ष) के पेट में चाकू घोंप दिया। घटना के बाद वहां अफरा-तफरी का माहौल हो गया। घटना की सूचना स्थानीय लोगों के साथ पंचायत के मुखिया महमूद आलम को भी दी गई।

मुखिया महमूद आलम ने बताया कि रात में ही घायलों को बेनीपुर अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया। बदमाश युवकों के दूसरे समुदाय के होने की जानकारी होते ही ग्रामीणों में और आक्रोश फैल गया। इस बाबत पूछने पर मनीगाछी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार चौधरी ने बताया कि दो समुदाय का मामला नहीं है। व्यक्ति विशेष के साथ घटना हुई है। सामाजिक सौहार्द नहीं बिगड़े, इसलिए प्रशासन सक्रिय है। मौके पर चौकीदार को तैनात किया गया है। थाने में अब तक किसी ने आवेदन नहीं दिया है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *