गया-पटना सड़क पर बेलागंज थाना क्षेत्र के फतेहपुर ट्यूबवेल के समीप अज्ञात बाईक सवार अपराधियों ने एक ट्रांसपोर्टर को गोली मारकर जख्मी कर दिया। ट्रांसपोर्टर एक पारिवारिक मामला में गवाही देकर गया स्थित व्यवहार न्यायालय से अपने घर वापस लौट रहा था।
घटना के संबंध प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के पाली गांव निवासी स्व सुनील शर्मा के 25 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार उर्फ दिप्पू गया स्थित व्यवहार न्यायालय से भाई के पत्नी द्वारा दर्ज मामले में गवाही देकर अपने मोटरसाइकिल से लौट रहा था। उसी दौरान गया पटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेलागंज थाना क्षेत्र के फतेहपुर ट्यूबवेल के समीप एक सफेद रंग के अपाची पर सवार दो अपराधियों ने दीपक को पीछे से दो गोली मार जख्मी कर दिया।
गोली लगाने के बाद ट्रांसपोर्टर दीपक शर्मा सड़क किनारे जख्मी अवस्था मे गिर गया। जबकि अपाची सवार अपराधी घटना को अंजाम दे बेलागंज की ओर भागने में सफल रहा। घटना की सूचना और अपराधियों को बेलागंज की भागने की सूचना के बाद बेलागंज पुलिस ने तत्काल बाईपास के समीप घेराबंदी कर वाहनो की जांच करने में जुट गयी। लेकिन बदमाश दूसरे मार्ग से भागने में सफल हो गया। वही पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से गंभीर रूप से जख्मी ट्रांसपोर्टर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलागंज लाया। जहां से चिकित्सकों ने चिंताजनक स्थिति में बेहतर इलाज हेतु गया स्थित मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल रेफर कर दिया।
हालाँकि वहां से भी चिकित्सको ने प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक स्थिति को देखते हुए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया। घटना के सूचना के बाद बड़ी संख्या में आस-पास के लोग जुट गये थे। ट्रांसपोर्टर पर किए गए गोलीबारी की घटना के कारणों का पता नही चल पाया है। तत्काल स्थानीय पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच में जुट गई है।

