बिहार के वैशाली से बड़ी खबर सामने आ रही है. यहां के भगवानपुर में एक मंदिर के पुजारी की पीट-पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है. इस घटना से पूरे इलाके में काफी तनाव पैदा हो गया है. जानकारी के मुताबिक, ये घटना मंदिर में बज रहे भजन को लेकर हुई. मंदिर में भजन बजाने के विवाद ने इतना तूल पकड़ लिया कि अपराधियों ने पुजारी की पीट-पीटकर हत्या कर दी. ये घटना भगवानपुर थाना क्षेत्र के अशतपुर सतपुरा इलाके की है. वहीं पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक, सावन के दूसरे सोमवार के अवसर पर मंदिर में लाउडस्पीकर लगाकर भजन बजाया जा रहा था. इस पर इलाके के कुछ लोगों ने विरोध जताया. उन्होंने मंदिर के पुजारी से भजन बंद करने को कहा. पुजारी ने जब ऐसा करने से मना कर दिया तो मारपीट शुरू कर दी. अपराधियों ने पुजारी को इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई. आरोपी मौके से फरार हो गए. वहीं इस घटना की जानकारी होते ही पूरे इलाके में तनाव फैल गया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है.

