सीतामढ़ी में दबंगों ने होटल मालिक की पांच साल की बेटी और स्टाफ को जिंदा जला दिया। दोनों होटल के पिछले हिस्से में सो रहे थे। होटल और उसके आसपास की सात दुकानें भी जल गईं। होटल संचालक कुछ दूर पर बेहोश मिला।
घटना नगर थाना क्षेत्र के बरियारपुर फोरलेन की है। बुधवार की रात करीब 1.30 बजे के आसपास दो लोग मुंह पर गमछा बांधकर आए। होटल का दरवाजा नॉक किया। अंदर से संचालक बैजू शाह की बड़ी बेटी आई तो उसके पिता के बारे में पूछा। बेटी ने कहा कि पापा बाहर की तरफ गए हैं। दोनों लोग उधर निकल गए।
इतने में अंदर सो रही मां किरण देवी भी अपने दो बेटों के साथ छिपने निकल गई। इसके करीब आधे घंटे बाद होटल में आग लग गई। होटल के पिछले हिस्से में सो रही छोटी बेटी और एक अन्य व्यक्ति जल गए।
यहां से आग आसपास के सात दुकानों में फैल गई। सिलेंडर फटने लगे। डर के कारण लोग बाहर नहीं निकले। सुबह पांच बजे आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस सात बजे मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।
होटल संचालक बैजू साह इस दौरान गायब थे, जिससे पहले लोगों को लगा कि उनकी ही मौत हुई है, लेकिन वह बगल के खेत में बेहोश पड़े थे। गुरुवार की सुबह होश आने पर वह पहुंचे, जिसके बाद दूसरी लाश की पहचान उन्होंने स्टाफ कुंदन के रूप में की है। जांच करने पहुंची नगर थाना की पुलिस इस मामले पर कुछ भी कहने से इनकार कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर रही। इसके बाद ही कुछ स्पष्ट हो पाएगा।
घटना में होटल मालिक की 5 वर्षीय बेटी आद्द्या की मौत हुई है। बैजू की बड़ी बेटी ने कहा कि आग लगने के करीब आधे घंटे पहले दो लोग आए थे। वो मेरे पापा के बारे में पूछ रहे थे। मैंने बताया कि पापा बाहर की तरफ गए हैं। वो पापा के पीछे चले गए। आधे घंटे बाद आग लग गई। पास में 112 नंबर, पुलिस की गाड़ी लगी थी। मैंने उनको भी बोला तो उन्होंने नहीं सुनी। पुलिस वहां से निकल गई।
वहीं, पत्नी किरण देवी ने बताया कि रात करीब 2 बजे दो आरोपी मुंह बांध कर आए और उसके दुकान में आग लगा दी। उसकी बेटी को कहने लगे कि तुम्हें कुछ नहीं करेंगे, तुम अपने मां बाप के बारे में बताओ कि वो कहां हैं। घटना के वक्त सभी सोए हुए थे। आरोपियों को देखकर महिला अपने पति को छिप जाने के लिए बोल कर अपने दो बच्चों के साथ छिप गई।
शिवहर जिले के पिपराही थाना क्षेत्र के मीनापुर बलहा गांव निवासी बैजू शाह सीतामढ़ी में बीते एक साल से रह रहा था। होटल में ही पीछे की ओर घर बनाकर वो लोग रहते थे। बैजू शाह की दो बेटी और दो बेटे हैं, जिसमें एक की जलकर मौत हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरियारपुर से आसपास के गांव के कुछ लोग यहां दबंगई करते हैं। उन्हीं लोगों ने घटना को अंजाम दिया है। कुछ लोगों का कहना है कि बरियारपुर के ही लोग यहां वसूली करते हैं और हफ्ता नहीं देने पर दबंगई दिखाते हुए धमकाते हैं। घटना के बाद से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल है।