दरभंगा के लहेरियासराय थाना क्षेत्र के केएस कालेज के निकट एक युवक ने सीने में गोली मारकर आत्महत्या की कोशिश की है। स्थानीय लोगों ने गोली की आवाज सुनकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को घायल युवक के बगल में गिरा पिस्टल भी बरामद हुआ है। पुलिस ने घायल युवक को इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया है। घायल युवक की पहचान राहुल कुमार के रूप में हुई है।
घायल युवक राहुल कुशेश्वर स्थान का रहने वाला है और वो केएस कॉलेज के सामने वाली गली में किराए के मकान में रहता था। बुधवार की दोपहर अचानक उसके कमरे से गोली की आवाज आई। आनन-फानन में लोग उसके कमरे की तरफ दौड़े और पुलिस को इसकी सूचना दी। सुसाइड की कोशिश के पीछे स्थानीय लोगों का दबी जुबान से कहना है कि राहुल ने प्रेम प्रसंग को लेकर खुद को गोली मारी है। लेकिन पुलिस अभी इस मामले में कुछ भी कहने से बच रही है। पुलिस का कहना है कि घायल युवक के परिजनों को इसकी सूचना दे दी गई है। जांच के बाद भी सही जानकारी सामने आ पाएगी। युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया गया है।