पटना: बिहार में अगले दो दिनों तक गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी 13 जिलों में हीट वेव को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटे में शेखपुरा सबसे गर्म जिला रहा, यहां का अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार 14 मई के बाद मौसम में बदलाव होगा। प्रदेश के कई जिलों में पिछले 4 दिनों से हीट वेव की स्थिति बनी हुई है। इस दौरान 13 से 17 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से पछुआ गर्म हवा चल रही है। गुरुवार को बांका और पूर्णिया में हीट वेव का असर दिखा। जबकि, प्रदेश के 15 जिलों में तापमान 40 डिग्री से अधिक रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में मोचा तूफान का प्रभाव है। वहां से आने वाली नमी बिहार की जगह पश्चिम बंगाल से मुड़ कर आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु की तरफ जा रही है। इसकी वजह से मौसम पूरी तरह से शुष्क बना हुआ है। 13 मई तक यह स्थिति बनी रहेगी। 14 मई के बाद मौसम में बदलाव देखा जा सकता है। मौसम विभाग ने पटना, जहानाबाद, गया, नवादा, शेखपुरा, नालंदा, लखीसराय, जमुई, बेगूसराय, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर आदि जिलों के लिए हीट वेव का यलो अलर्ट जारी किया है। बिहार के विभिन्न हिस्सों में 13 मई तक हीट वेव का असर रहेगा। दिन का तापमान 40 से 43 डिग्री और रात में 27 डिग्री तक पहुंचने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, मोचा तूफान का असर बिहार में देखने को मिल सकता है। 14 मई को दोपहर के बाद आसमान पर हल्के बादल छाएंगे। हवा में नमी के कारण गर्मी से राहत मिलेगी। बंगाल की खाड़ी में मोचा तूफान के असर से पश्चिम बंगाल और झारखंड में भारी बारिश होगी। इस तूफान का असर बिहार में भी देखने को मिल सकता है।
बताते चलें कि बीते 24 घंटे की बात करें तो शेखपुरा जिला सबसे गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पटना का 40.8 डिग्री, गया का 40.6 डिग्री, भागलपुर का 41.4 डिग्री, नवादा और औरंगाबाद का 40.7 डिग्री, जमुई का 41.0 डिग्री, नालंदा का 41.5 डिग्री, वैशाली का 41.9 डिग्री, भागलपुर का 40.2 डिग्री, खगरिया का 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके साथ ही प्रदेश के अन्य जिलों का तापमान 40 डिग्री के करीब रहा।