दरभंगा: सीएम साइंस कॉलेज की स्थापना के 85वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में शनिवार 06 मई को विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसमें सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को उसी दिन शाम में महाविद्यालय के कामेश्वर भवन में आयोजित होने वाले स्थापना दिवस समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा।
उपरोक्त जानकारी देते हुए प्रधानाचार्य प्रो दिलीप कुमार चौधरी ने बताया कि स्थापना दिवस समारोह का विधिवत शुभारंभ कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो शशिनाथ झा करेंगे। उद्घाटन सत्र की मुख्य अतिथि ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय की प्रतिकुलपति डॉ डॉली सिन्हा होंगी। जबकि विशिष्ट वक्ता के रूप में महाविद्यालय के स्नातकोत्तर रसायनशास्त्र विभाग के सेवानिवृत्त अध्यक्ष डॉ लाल मोहन झा एवं स्नातकोत्तर वनस्पति विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ नरेश कुमार झा उपस्थित रहेंगे। संध्या कालीन सत्र में आयोजित स्थापना दिवस समारोह के समापन मे संदीप विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ समीर कुमार वर्मा, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो मुश्ताक अहमद, बेनीपुर के विधायक प्रो विनय कुमार चौधरी, दरभंगा नगर निगम की मेयर अंजुम आरा एवं महाविद्यालय के पूर्व छात्र रहे विद्यापति सेवा संस्थान के महासचिव सह विश्वविद्यालय के वरीय सिंडिकेट सदस्य डॉ बैद्यनाथ चौधरी बैजू सहित विश्वविद्यालय के अनेक आला अधिकारियों एवं शहर के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रहेगी।