दरअसल मंगलवार की कार्यवाही के दौरान कांग्रेस सदस्य प्रेमचंद्र मिश्रा ने सवाल उठाया कि यासरकार ने दरभंगा एम्स के लिए शहर के सोभन में जमीन का चयन कि है। चयन गलत जगह पर हुआ है। वह जमीन सड़क से 28 फीट नीचा है। वहां हमेशा जल जमाव रहता है। कहीं न कहीं फिर से फंसाने की कोशिश है। लिहाजा नए जगह पर जगह का चयन करिए। क्यों कि वहां पर एम्स निर्माण में मुश्किल आ सकती है।
इस दौरान ही सदन में मौजूद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि वो बहुत अच्छी जगह है। काफी समझबूझ कर वो जगह तय किया गया है। जगह के निरीक्षण के सवाल पर सीएम नीतीश ने कहा कि आप सब लोग साथ चलिए, एक बार देख लेंगे। वहीँ उन्होंने कहा कि पूर्व स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय को जरूर ले लीजिएगा। वो सबसे अधिक समय तक स्वास्थ्य मंत्री रहे हैं। वर्तमान स्वास्थ्य मंत्री व अन्य सदस्य भी रहें।
दरभंगा एम्स पर बोलते हुए सीएम नीतीश ने कहा कि हमने यही कहा था कि डीएमसीएच को ही एम्स के रूप में स्वीकार कर लीजिए। हम लोग कितना ज्यादा कोशिश किए। अभी जो बीजेपी के अध्यक्ष जेपी नड्डा हैं उस समय स्वास्थ्य मंत्री थे वह हमारी मांग को स्वीकार कर लिए थे। जब स्वास्थ्य मंत्री दूसरा आ गए तो उसमें से थोड़ा सुधार किए। कहा कि हम लोग अलग बनवा देंगे, जमीन दीजिए दरभंगा में ही बनवा देंगे। दरभंगा मेडिकल कॉलेज के बगल में हम लोग एम्स कर देंगे। इसके बाद उसके लिए अलग जगह तय किया गया। वहां के डीएम ने और सब लोगों ने बताया कि बहुत अच्छा जगह चुना गया है।