गाँधी के सपनों का भारत के निर्माण हेतु अधिकारियों व कर्मियों ने ली  शपथ

दरभंगा । जिला प्रशासन, दरभंगा द्वारा शनिवार को दरभंगा, समाहरणालय अवस्थित सभागार में आयोजित एक सादे समारोह में राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री  लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनायी गयी।
जिलाधिकारी, दरभंगा डॉ. त्यागराजन एस.एम. की अध्यक्षता में उपस्थित सभी पदाधिकारियों व  कर्मियों ने सर्वप्रथम गाँधी  के सपनों का भारत के निर्माण हेतु अपना सार्थक योगदान करने की शपथ ली। इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा अपने संक्षिप्त संबोधन में गाँधी  के सपनों का भारत निर्माण करने हेतु सभी को अपना-अपना योगदान करने की अपील की गयी।
उन्होंने गाँधी जी के आदर्श वाक्य को दुहराते हुए कहा कि *”मैं एक ऐसे भारत के निर्माण के लिए काम करूँगा, जिसमें सबसे गरीब लोग भी यह महसूस करेंगे कि भारत उनका देश है, जिसके निर्माण में उनकी आवाज असरदार होगी। मैं ऐसे भारत के निर्माण के लिए काम करूँगा, जिसमें ऊंचे और नीचे वर्ग के लोग नहीं होंगे और जिसमें सभी संप्रदायों के लोग पूर्ण सामंजस्य के साथ सह सकेंगे। ऐसे भारत में अस्पृश्यता का अभिशाप या शराब और दूसरी नशीली चीजों के लिए कोई स्थान नहीं होगा। जिसमें स्त्रियों को पुरुषों के सामान अधिकार प्राप्त होगा। शेष सारी दुनिया के साथ हमारा संबंध शांति का होगा। हमें इस दिशा में निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए। तभी उनका कल्याण हो सकेगा और तब जाकर सही मायने में गाँधी  के सपनों का भारत निर्माण की बुनियाद पक्की होगी’’।
इसके बाद जिलाधिकारी एवं अन्य सभी पदाधिकारी/कर्मी द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी  एवं पूर्व प्रधानमंत्री  लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्प माला अर्पित कर उनके चरणों में अपना श्रद्धा सुमन निवेदित किया गया।
तत्पश्चात् जिलाधिकारी एवं अन्य सभी पदाधिकारियों द्वारा लहेरियासराय टावर अवस्थित गाँधी  की प्रतिमा पर पुष्प माला अर्पित कर उन्हें नमन किया गया।
इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक  बाबूराम, उप विकास आयुक्त तनय सुल्तानिया, अनुमण्डल पदाधिकारी सदर स्पर्श गुप्ता, वरीय उप समाहर्ता टोनी कुमारी एवं अन्य पदाधिकारी व समाहरणालय के कर्मी उपस्थित थे।

 

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *