दरभंगा के पुलिस सब इंस्पेक्टर पटना में किए गए सम्मानित, सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में सराहनीय काम का मिला इनाम
संजय मिश्र
दरभंगा
विकट आम जन धारणा के बीच कठिन परिवेश में सतत काम करना पुलिस के लिए चुनौती होती है। बावजूद इसके गहन चित के साथ परिश्रम करने वाले दिल जीत लेते हैं और प्रेरणा का स्रोत बन जाते हैं। कोतवाली थाना में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर प्रभात कुमार ने दरभंगा पुलिस को गौरव का क्षण दिया है। 17 फरवरी 2025 को सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बिहार सरकार के परिवहन विभाग के सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने उन्हें सम्मानित किया है।
पटना के अधिवेशन भवन में हुए भव्य कार्यक्रम में प्रभात कुमार को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। उनके प्रशंसनीय कार्य को देखते हुए अपर पुलिस महानिदेशक यातायात पटना ने सम्मान देने की अनुशंसा की थी। बिहार के पुलिस महानिदेशक ने उस अनुशंसा को अनुमोदित किया था।
ध्यातव्य है कि e – DAR पोर्टल के माध्यम से पूरे बिहार में पहले अनुसंधानकर्ता पुलिस सब इंस्पेक्टर प्रभात कुमार ने सड़क दुर्घटना में पीड़ित परिवार को मुआवजा की राशि दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। उनको मिले सम्मान की खबर से दरभंगा के पुलिस बल में खुशी की लहर है। दरभंगा के एसएसपी ने प्रभात कुमार के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

