दरभंगा जिले की खोई सियासी स्पेस पाने की जद्दोजहद में आरजेडी, वर्कर्स से मंत्रणा को आएंगे सुप्रीम पावर से लैस तेजस्वी

नारी, युवा और रोजगार का संदेश जमीन तक पहुंचाने को करेंगे प्रेरित

बूथ लेवल तक पार्टी को सशक्त करने पर है नजर

संजय मिश्र
दरभंगा

आरजेडी के अंदर खाने के विश्वस्त सूत्रों से खबर आई है कि 23 जनवरी 2025 को तेजस्वी यादव दरभंगे आ रहे हैं। यहां वे पार्टीजनों से आगामी विधानसभा चुनाव सहित संगठन से जुड़े विभिन्न मसलों पर सघन मंत्रणा करेंगे। उनका .. इस बार का .. दरभंगा दौरा अहम है। इस रूप में कि पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की पटने में हुई बैठक में आरजेडी संविधान में संशोधन के बाद लालू प्रसाद का करीब समतुल्य पावर तेजस्वी को सौंपा गया है। नई शक्ति से लैस हो वे दरभंगा के आरजेडी के स्थानीय नेताओं से मिलेंगे। जो सुप्रीम पावर हासिल हुआ है उसके तहत आरजेडी के नाम या सिंबल में बदलाव का निर्णय लालू के साथ साथ तेजस्वी ले सकेंगे। चुनाव में उम्मीदवारों के चयन और उम्मीदवारों को सिंबल बांटने के साथ ही पार्टी के बड़े निर्णयों के लिए तेजस्वी अधिकृत हो गए हैं। प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर गठबंधन संबंधी निर्णय के लिए भी उन्हें अधिकृत किया गया है। ऐसे समय में दरभंगा आरजेडी के वर्कर्स तेजस्वी को नए नजरिए से देखेंगे। नतीजतन तजस्वी की झलक ही वर्कर्स को उत्प्रेरित करेंगी।

21 जनवरी को दरभंगा आरजेडी के जिलाध्यक्ष उदय शंकर यादव से जब तेजस्वी की दरभंगा यात्रा के संबंध में कुरेदा गया तो वे सकुचाए। उन्होंने कहा कि आरजेडी नेताओं के गार्जियन हैं तेजस्वी। पार्टी वर्कर्स का मनोबल बढ़ाने अक्सर आते हैं। कोई सार्वजनिक कार्यक्रम तो है नहीं। वैसे पार्टी नेता उन्हीं के निर्देशों के अनुरूप टास्क पूरा करने में लगे हैं।

माई बहिन मान योजना तो सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक तापमान बदल देगा। इसके तहत 2500 रुपया हर महीने देने का वादा है। वृद्ध और दिव्यांग को सरकार महज 400 रुपया देती है। यह मजाक ही तो है। आरजेडी ने वादा किया है कि इस राशि को बढ़ा कर 1500 रुपया किया जाएगा। उदय ने कहा कि उनके प्रखर नेता तेजस्वी का ध्यान पलायन की वीभत्स समस्या की तरफ भी है। इसके समाधान के लिए बिहार में औद्योगिकरण को गति प्रदान करने का तेजस्वी ने ठाना है। रोजगार के प्रचूर अवसर युवा को मिलेंगे। इसके साथ ही 200 यूनिट फ्री बिजली परिवारों को दिए जाने का वचन है।

उदय शंकर यादव ने कहा कि जिले की जनता का विश्वास हासिल करने के लिए तेजस्वी यादव का संदेश घर घर पहुंचाने में हम लगे हैं। पर्चा, कैलेंडर, होर्डिंग और सोशल मीडिया का सहारा लिया जा रहा है। फोकस है कि घर घर जाकर ये संदेश देने हैं।

इतना ही नहीं, जिले में 3 लाख नए लोगों को आरजेडी से जोड़ने का संकल्प है। प्रत्येक प्रखंड में 30 हजार नए सदस्य बनाए जाएंगे। बूथ प्रभारी को 10 सदस्य जोड़ने का लक्ष्य दिया गया है। हमारे नेता दरभंगा आते हैं तो इन तमाम मसलों की समीक्षा हो सकती है।

जिला अध्यक्ष तो खुल कर बोलने से बचते रहे लेकिन पार्टी सूत्रों के मुताबिक तेजस्वी यादव कर्पूरी जयंती में शिरकत करने फुलपरास जा रहे हैं। इसी दौरे में दरभंगा सर्किट हाउस में 23 जनवरी को तेजस्वी का प्रवास होगा। समीक्षा बैठक होगी जिसमें आरजेडी के दरभंगा अध्यक्ष, जिले के सभी प्रखंड अध्यक्ष और वर्ष 2020 विधानसभा चुनाव में जीते या हारे तमाम प्रत्याशी शरीक रहेंगे।