व्यवस्था परिवर्तन के लिए आए हैं पीके, निराशा छटेगी .. बिहार देखेगा नया सबेरा :- शोएब अहमद खान
संजय मिश्र
दरभंगा
दुर्गापूजा के मौके पर बिहार के निवासियों को जन सुराज पार्टी के राज्य कार्यकारिणी सदस्य शोएब अहमद खान ने भरोसा दिया है कि निराशा त्यागें .. आपका प्रदेश अब नया सबेरा देखेगा। खुशहाली आयेगी। राज्य की लचर व्यवस्था सुधारने के लिए पीके यानि प्रशांत किशोर ने बिगुल फूंक दिया है। और यह संभव होगा उनके दिए मंत्र से। सही लोग .. सही सोच .. सामूहिक प्रयास .. के सकारात्मक मंत्र से बदलाव आएगा।
शोएब ने बुधवार को दरभंगा में पत्रकारों से कहा कि बिहार की सूरत बदलने के लिए जन सुराज की अभिलाषा को जमीनी स्तर पर उतारने की जरूरत है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि लोगों को भाषण नहीं राशन चाहिए और 5 किलो राशन से समस्या का समाधान नहीं होगा बल्कि समुचित रोजगार की व्यवस्था करनी होगी। जात पात व धर्म के बंधन से उपर उठकर सकारात्मक सोच लानी होगी।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के इतने साल बाद भी शिक्षा, स्वास्थ्य व रोजगार जैसे मुद्दों पर राजनीति होते रहना अफसोसजनक है। ये सब तो जनता का अधिकार है और उसे मिलना ही चाहिए। उन्होंने बिहार के युवाओं से अपील करते हुए कहा कि व्यवस्था परिवर्तन के लिए प्रशांत किशोर का हाथ मजबूत करें। बिहार में परिवर्तन के लिए इस रास्ते के अलावा और कोई विकल्प नहीं है।